पटना

Train Accident in Purnia: पूर्णिया में दशहरा मेला देखकर लौट रहे 4 लोगों की वंदे भारत एक्सप्रेस से कटकर मौत

Train Accident in Purnia कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह दशहरा मेला देखकर लौट रहे चार लोगों की मौत वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
2 min read
Oct 03, 2025
Vande Bharat
वन्दे भारत ट्रेन। फाइल फोटो- पत्रिका

Train Accident in Purnia वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से शुक्रवार की सुबह पूर्णिया में चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हैं। जख्मी को इलाज के लिए पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर कसबा जबनपुर के पास की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जोगबनी (अररिया) से दानापुर (पटना) जा रही वंदे भारत ट्रेन से कटकर मरने वाले सभी लोग रात भर दशहरा मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरार हुई ये घटना

हादसे के बाद पुलिस पहुंची

इस हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई है। इस हदसे को लेकर स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं। पुलिस उनको समझाने का प्रयास कर रही है। कस्बा थाना के पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान यह घटना हुई।

तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक की मौत जीएमसीएचवी में इलाज के दौरान हुई। एक अन्य जख्मी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार सभी मृतक एवं जख्मी पूर्णिया जिले के जानकी नगर थाना क्षेत्र के ही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सभी मजदूर मखाना फौरी का काम किया करते थे। रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर शोएब आलम खान ने बताया कि इस घटना की सूचना रेलवे बोर्ड को दे दी गई है। घायलों की अभी पहचान नहीं हुई है।

तीन दिन में दूसरी घटना

दरअसल, तीन दिन के अंदर यह दूसरी घटना है। इसको लेकर लोग आक्रोशित हैं। इससे पहले जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। यह दूसरी घटना है। सहरसा में हटियागाछी रेलवे ढाला के पास 30 सितंबर को इसी ट्रेन से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी।

15 सितंबर को पीएम ने दिखाया था हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को पूर्णिया में वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर जोगबनी से दानापुर के बीच चलने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को शुरू किया था। 17 सितंबर से यह ट्रेन नियमित रूप से चल रही है। यह सीमांचल को राजधानी पटना से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत है। यह ट्रेन जोगबनी से सुबह 3.25 बजे रवाना होती है और सुबह 4.50 बजे पूर्णिया पहुंचती है। पूर्णिया से खुलने के बाद यह ट्रेन सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर होकर सुबह 11.30 बजे पटना के दानापुर पहुंचती है।

Updated on:
03 Oct 2025 12:15 pm
Published on:
03 Oct 2025 09:07 am