पटना

मुंगेर मर्डर मिस्ट्री: दरोगा पत्नी मौत केस में ट्विस्ट, पति ने बताया था आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने थ्योरी को नकारा

मुंगेर में एक दरोगा की पत्नी की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने नया मोड़ ला दिया है। 11 अप्रैल को हुई इस मौत को दरोगा पति ने शुरुआत में आत्महत्या बताया था, लेकिन मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार यह हत्या का मामला हो सकता है।

2 min read
May 03, 2026
Munger Murder Mystery
दारोगा पति चंदन के साथ पत्नी मधू (फ़ाइल फ़ोटो)

Munger Murder Mystery: बिहार के मुंगेर के सफियासराय थाना में तैनात दरोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में 21 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनी फैला दी है। जिस मामले को पहले आत्महत्या के संदेह से घिरा माना जा रहा था, उसने अब एक नाटकीय मोड़ ले लिया है। पुलिस ने पहली बार संकेत दिया है कि यह मामला वास्तव में हत्या का हो सकता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जारी होने के बाद जांच की दिशा पूरी तरह से बदल गई है। फिलहाल पुलिस को अभी FSL रिपोर्ट का इंतजार है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

मधु कुमारी का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया था। इस रिपोर्ट में कुछ ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं जिन्होंने दरोगा पति के दावों को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, गोली मधु की छाती के बीच में लगी और पीठ से बाहर निकल गई। गोली लगने की जगह और उसके बाहर निकलने की दिशा ने आत्महत्या की संभावना को काफी कमजोर कर दिया है। सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के मुताबिक यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है।

11 अप्रैल की वो खौफनाक शाम

यह वारदात 11 अप्रैल की शाम को हुई थी, जब मधु कुमारी की मौत उसके पति की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने के कारण हुई थी। घटना के तुरंत बाद दरोगा चंदन कुमार ने इसे आत्महत्या करार दिया था। हालांकि, मधु के परिवार वालों ने शुरू से ही इस पर संदेह जताया था और आरोप लगाया था कि उनकी मौत एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी।

दहेज प्रताड़ना और अवैध संबंधों का आरोप

मधु के पिता रंजीत कुमार ने अपने दामाद चंदन कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि मधु को काफी समय से दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस को दी गई एक लिखित शिकायत में परिवार ने यह भी उल्लेख किया है कि चंदन कुमार का कथित तौर पर एक अन्य महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ अवैध संबंध था, जिस बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे।

जेल में बंद दरोगा, FSL रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल, आरोपित दरोगा चंदन कुमार मुंगेर जेल में बंद है। पुलिस ने उससे पूछताछ की है और इस पूछताछ से मामले से जुड़े कई अहम सुराग और तथ्यात्मक जानकारी मिली है। सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने स्पष्ट किया है कि भले ही अब तक जुटाए गए सबूत हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष एफएसएल (FSL) की बैलेस्टिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पूरी पुलिस टीम वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सके।

Published on:
03 May 2026 06:03 pm
Also Read
View All
‘न्याय केवल होना नहीं, होता हुआ दिखना भी चाहिए’; भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, सरकार से की निष्पक्ष जांच की मांग

हाथों में हथकड़ी और साथ में पुलिस, सीतामढ़ी जेल से सीधे NEET परीक्षा देने पहुंचा कैदी अफजद अली

‘जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक नहीं होगा श्राद्ध’, भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की मां का ऐलान

‘मेरा शरीर सेना को दान कर देना, मुझे कोई मारेगा तो घात करके ही मारेगा’, एनकाउंटर के बाद भरत तिवारी का पुराना वीडियो वायरल

भोजपुर में जहां भरत तिवारी का हुआ एनकाउंटर, वहां की मिट्टी गमछे में बांध ले गया युवक; बोला- हजारों साल में एक बार पैदा होता है ऐसा शेर