पटना

RLM Candidate List: उपेंद्र कुशवाहा ने सासाराम से पत्नी को बनाया उम्मीदवार, जानिए अब तक किन-किन को दिया टिकट

RLM Candidate List: उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कुशवाहा की पार्टी ने फिलहाल चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इसमें से सासाराम विधानसभा सीट से उन्होंने अपनी पत्नी को मैदान में उतारा है। 
2 min read
Oct 16, 2025
rlm candidate list
उपेंद्र कुशवाहा और उनकी पत्नी स्नेहलता (फ़ोटो-पत्रिका)

RLM Candidate List: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के सियासी मैदान में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने भी अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 4 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, जबकि दो सीटों को फिलहाल खाली रखा गया है। सबसे चर्चित नाम रहा सासाराम सीट से पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को उम्मीदवार घोषित करना।

कौन कहां से लड़ेगा

जारी सूची के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटों पर निम्नलिखित उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस लिस्ट के साथ ही RLM ने यह स्पष्ट किया है कि बाजपट्टी और पारू सीटों पर नाम जल्द तय किए जाएंगे, फिलहाल वहां गठबंधन के अंदर सीट एडजस्टमेंट पर चर्चा चल रही है।

  • मधुबनी - माधव आनंद
  • उजियारपुर - प्रशांत कुमार पंकज
  • सासाराम - स्नेहलता
  • दिनारा - आलोक कुमार सिंह
  • बाजपट्टी - रिक्त
  • पारू - रिक्त

पत्नी को सासाराम से दिया टिकट

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कैंडीडेट लिस्ट में सबसे बड़ी खबर रही कि सासाराम से उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को टिकट दिया गया है। यह कदम राजनीतिक गलियारों में फैमिली कार्ड के रूप में देखा जा रहा है। स्नेहलता लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं और पार्टी के महिला प्रकोष्ठ से भी जुड़ी हैं। कुशवाहा के करीबी बताते हैं कि वे ग्राउंड लेवल पर महिला वोटरों के बीच मजबूत कनेक्शन रखती हैं। वे उपेंद्र कुशवाहा के राजनीतिक अभियानों में भी लगातार सक्रिय रही हैं, चाहे वह RLSP (राष्ट्रीय लोक समता पार्टी) का दौर हो या वर्तमान में RLM (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) का।

अमित शाह से मुलाकात के बाद बदला रुख

दिलचस्प यह है कि यह लिस्ट अमित शाह से उपेंद्र कुशवाहा की दिल्ली मुलाकात के कुछ घंटों बाद जारी की गई। दरअसल, उपेंद्र कुशवाहा ने हाल कहा था कि एनडीए के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। इसके बाद राजनीतिक हलचल बढ़ गई थी। लेकिन फिर उन्होंने पार्टी की आपात बैठक स्थगित की और दिल्ली पहुंच गए, जहां अमित शाह से उनकी मुलाकात हुई। इसके बाद सब बदल गया, कुशवाहा की नाराजगी दूर हुई और अब उनकी पार्टी की उम्मीदवार सूची आने से यह संकेत मिल गया है कि कुशवाहा फिलहाल NDA के साथ ही मैदान में उतर रहे हैं।

एनडीए में कितने उम्मीदवारों का ऐलान

राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। अब तक भाजपा ने 101, जदयू ने 57, लोजपा (रामविलास) ने 14 और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने 6 उम्मीदवारों की अपनी-अपनी सूचियां जारी की हैं। कुशवाहा की पार्टी को 6 सीटें मिली हैं, जिनमें से फिलहाल 4 सीटों पर उम्मीदवार तय किए गए हैं। सभी दल जल्द ही बाकी बचे सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सकते हैं।

Updated on:
16 Oct 2025 09:36 am
Published on:
16 Oct 2025 09:35 am