पटना

बिहार में SIR पर क्यों मचा बवाल? विजय सिन्हा ने कहा, घुसपैठियों को संरक्षण दे रही RJD और कांग्रेस

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने RJD और कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया है। सिन्हा ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए 2025 के चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत का दावा किया है।

2 min read
Sep 18, 2025
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा

बिहार की सियासत में एसआईआर (Special Identification of Residents) को लेकर शुरू हुई सियासी जंग अब और तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मुद्दा पूरी तरह से संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार है। उन्होंने साफ कहा कि मतदाता सूची से अवैध घुसपैठियों का नाम हटाना चुनाव आयोग का कर्तव्य है और इस पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने जैसा है।

ये भी पढ़ें

पटना में STET अभ्यर्थियों का जोरदार हंगामा, BSEB मुख्यालय का किया घेरा, पुलिस को बढ़ानी पड़ी सुरक्षा

घुसपैठियों पर सीधा हमला

सिन्हा ने विपक्ष को घेरते हुए कहा की हर मां भारती का संतान घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करेगा। इनके कारण मूल भारतीय और खासकर बिहारी नौजवान नौकरी और सरकारी अनुदान से वंचित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल की सरकार का रवैया सबके सामने है और जनता देख रही है कि किस तरह अवैध घुसपैठियों को राजनीतिक लाभ के लिए संरक्षण दिया जा रहा है।

विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप

डिप्टी सीएम ने राजद और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ये दोनों दल एसआईआर का विरोध सिर्फ इसलिए कर रहे हैं क्योंकि अवैध घुसपैठियों को वे अपना वोट बैंक मानते हैं। सिन्हा ने तंज कसा कि राजद और कांग्रेस जैसी पार्टियां विकास के मुद्दे पर पूरी तरह खाली हो चुकी हैं। इसलिए अब वे देशविरोधी ताकतों को संरक्षण देकर राजनीति करना चाहती हैं। लेकिन बिहार की जनता इनके असली इरादों को भलीभांति समझ रही है।

बीजेपी की विचारधारा – राष्ट्र प्रथम

विजय कुमार सिन्हा ने साफ कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ घुसपैठियों तक न पहुंचे, इसके लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बिहार का हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जिए, यही हमारी प्राथमिकता है।

युवराजों पर तंज

सिन्हा ने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियों के युवराज सिर्फ अपनी पारिवारिक राजनीति बचाने में व्यस्त हैं। सिन्हा बोले विकास का कोई मुद्दा न होने के कारण ये लोग केवल भ्रम फैलाने और घुसपैठियों को बचाने की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन जनता सब समझ रही है और इनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

2025 चुनाव पर भरोसा

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता एनडीए के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि 2025 के चुनाव में बिहार की जनता के आशीर्वाद से एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। विपक्ष के झूठे प्रचार और बेबुनियाद आरोपों की पोल जनता ने पहले भी खोली है और आगे भी खोलेगी।

ये भी पढ़ें

Bihar Chunav: चुनावी रणभूमि बना बेगूसराय, एक ही दिन अमित शाह का सम्मेलन और तेजस्वी की अधिकार यात्रा

Published on:
18 Sept 2025 09:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर