पटना

बागेश्वर बाबा की शरण में तेज प्रताप यादव; कभी बताया था देशद्रोही, अब पूछ रहे अपना राजनीतिक भविष्य

सोशल मीडिया पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वो बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री से अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में पूछ रहे हैं। 

2 min read
Apr 28, 2026
baba bageshwar dhirendra shastri and tej pratap yadav
बाबा बागेश्वर और तेज प्रताप यादव

बिहार की राजनीति में अपने अतरंगी अंदाज के लिए मशहूर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में तेज प्रताप, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं और पॉलिटिकल फ्यूचर देखने के लिए कह रहे हैं। यह वही बाबा बागेश्वर हैं, तीन साल पहले जिनके बिहार आने पर तेज प्रताप यादव ने आपत्ति जताई थी और देशद्रोही तक कह दिया था।

बाबा, मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा…

वायरल हो रहे इस 16 सेकेंड के वीडियो क्लिप में तेज प्रताप यादव मोबाइल हाथ में लिए बेहद सौम्य और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। वे धीरेंद्र शास्त्री से कहते हैं, 'बाबा, मेरा थोड़ा राजनीतिक देख लीजिएगा… राजनीतिक भविष्य।' इस पर बाबा बागेश्वर ने भी उन्हें निराश नहीं किया और आश्वासन देते हुए कहा, 'बिल्कुल पक्का, हम और आप बैठेंगे, जब आप यहां आएंगे। विस्तार से चर्चा करेंगे, एक-दो घंटे साथ बैठेंगे।' तेज प्रताप ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि जी साथ में बैठेंगे।

जब तेज प्रताप ने किया था बाबा बागेश्वर का विरोध

तेज प्रताप का यह वीडियो इसलिए चर्चा में है क्योंकि मई 2023 में जब धीरेंद्र शास्त्री का पटना के नौबतपुर में कार्यक्रम तय हुआ था, तब तेज प्रताप ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और जमकर विरोध किया था। तेज प्रताप ने उस वक्त धीरेंद्र शास्त्री के लिए देशद्रोही और डरपोक जैसे शब्दों तक का इस्तेमाल किया था। तेज प्रताप ने उस दौरान धीरेंद्र शास्त्री की तुलना जेल में बंद आसाराम और राम रहीम से की थी। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने आएंगे, तो वे उन्हें एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने देंगे।

तेज प्रताप यादव का धार्मिक अवतार

बता दें कि हाल के दिनों में तेज प्रताप यादव का धार्मिक गतिविधियों की ओर झुकाव पहले से भी कहीं ज्यादा बढ़ गया है। वह अक्सर भगवान कृष्ण और भगवान शिव के रूप में अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर किया करते थे। लेकिन अब उन्होंने सोशल मीडिया पर 'संत तेज प्रताप यादव' नाम से एक पेज भी बनाया है। इस पेज पर वह अपने आध्यात्मिक विचार का वीडियो पोस्ट करते हैं और धार्मिक प्रवचन देते हैं।

Updated on:
28 Apr 2026 11:52 am
Published on:
28 Apr 2026 11:36 am