पटना

‘पूरे चंपारण की तरफ से विनती है’, जब हाथ जोड़कर निशांत कुमार के सामने गुहार लगाने लगा युवक, वीडियो वायरल

बेतिया में आयोजित जदयू के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान एक युवक निशांत कुमार के सामने हाथ जोड़कर चंपारण के लिए यूनिवर्सिटी मांगने लगा। जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
• •
Updated: 5 May 2026, 2:54 PM IST
सद्भाव यात्रा के दौरान निशांत कुमार
सद्भाव यात्रा के दौरान निशांत कुमार

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार इन दिनों सद्भाव यात्रा पर हैं। उन्होंने चंपारण की धरती से इस यात्रा की शुरुआत की है, जहां सोमवार को बेतिया के ऑडिटोरियम में आयोजित 'कार्यकर्ता संवाद' कार्यक्रम के दौरान एक खास दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब निशांत कुमार लोगों से मिल रहे थे, तभी एक युवक उनके सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया और चंपारण के लिए एक यूनिवर्सिटी की मांग करने लगा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आप युवा हैं, आपसे बहुत उम्मीद है

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक निशांत कुमार के पास पहुंचकर बेहद भावुक हो जाता है। वह हाथ जोड़कर कहता है, 'सर, पूरे चंपारण के लोगों की तरफ से हम हाथ जोड़कर विनती करना चाहते हैं कि चंपारण को एक यूनिवर्सिटी दे दीजिये। आप युवा हैं, आपसे बहुत उम्मीद है। नीतीश कुमार जी का भी चंपारण से बेहद लगाव रहा है, इसलिए हम आपसे यह मांग कर रहे हैं।' युवक की इस सादगी भरी अपील पर निशांत कुमार ने भी संजीदगी दिखाई और उसकी बातों को ध्यान से सुना।

स्नेह और प्रेम बनाये रखिए - निशांत कुमार

इससे पहले, संवाद कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार ने अपने राजनीतिक इरादों को स्पष्ट किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने कभी भी '3C' क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से समझौता नहीं किया। निशांत ने भरोसा दिलाया कि वे भी इसी राह पर चलेंगे। सफेद कुर्ता-पाजामा और कंधे पर गमछा ओढ़े निशांत की सादगी ने कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, 'मैं आपसे दिल की बात कहने आया हूं, मुझपर अपना स्नेह और प्रेम बनाये रखिए।'

चंपारण से ही क्यों की शुरुआत?

निशांत कुमार ने अपनी राजनीतिक यात्रा के लिए चंपारण की ऐतिहासिक धरती को चुना। उन्होंने याद दिलाया कि महात्मा गांधी ने इसी धरती से 'सत्याग्रह' की शुरुआत की थी और उनके पिता नीतीश कुमार ने भी अपनी 'न्याय यात्रा' यहीं से शुरू की थी। निशांत ने कहा कि चंपारण को नमन करते हुए अपनी पारी शुरू करना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी की बात है। कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रही।

Updated on:
5 May 2026, 2:54 PM IST
Published on: