Apple Net Worth Story: स्टीव जॉब्स के निधन के बाद टिम कुक ने एप्पल को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। पिछले 15 सालों में कंपनी की कमाई और मार्केट कैप ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और एप्पल आज 4 ट्रिलियन डॉलर की एक विशाल कंपनी बन गई है।
Apple Revenue: साल 2011 में स्टीव जॉब्स (Steve Jobs) ने जब एप्पल के सीईओ पद से इस्तीफा दिया, तब कई विशेषज्ञों ने दावा किया था कि कंपनी अब पहले जैसी कामयाबी दोबारा हासिल नहीं कर पाएगी। इसके बाद टिम कुक (Tim Cook) को जिम्मेदारी सौंपी गई। एक ऐसे शख्स को, जिन्हें शांत स्वभाव, मजबूत रणनीति और बेहतर प्रबंधन के लिए जाना जाता था। उस समय बहुत लोगों को उन पर भरोसा नहीं था, लेकिन आने वाले सालों में उन्होंने हर आलोचना का जवाब अपने काम से दिया।
Apple Net Worth: 15 साल बाद तस्वीर बिल्कुल बदल चुकी है। टिम कुक के नेतृत्व में एप्पल ने सिर्फ खुद को संभाला ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे नेट वर्थ वाली कंपनी बनने का रिकॉर्ड भी बनाया। आज कुक जैसी कामयाबी हासिल करना दूसरी बड़ी कंपनियों के लिए भी आसान नहीं है। इन 15 सालों में टिम कुक की अगुवाई में एप्पल ने कितनी बड़ी छलांग लगाई, आइए जानते हैं।
जब टिम कुक ने एप्पल की कमान संभाली, तो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती स्टीव जॉब्स जैसी बड़ी शख्सियत के बाद कंपनी को आगे बढ़ाने की थी। जॉब्स को दूरदर्शी सोच और नए आइडिया वाले लीडर के तौर पर देखा जाता था। वे ऐसे प्रोडक्ट लाते थे, जिनकी लोगों ने कल्पना भी नहीं की होती थी। वहीं टिम कुक की पहचान बेहतर प्रबंधन और मजबूत ऑपरेशंस से थी। उन्हें सप्लाई चेन यानी प्रोडक्ट बनाने से लेकर बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया का माहिर माना जाता था। कई लोगों को लगता था कि शायद कुक नई सोच के साथ आगे नहीं बढ़ पाएंगे। लेकिन टिम कुक ने अलग रास्ता चुना। उन्होंने एप्पल के प्रोडक्ट्स को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने पर जोर दिया। उनके नेतृत्व में एप्पल सिर्फ एक ब्रांड नहीं रहा, बल्कि लोगों की जरूरत और स्टेटस सिंबल बन गया।
साल 2011 में जब टिम कुक ने सीईओ का पद संभाला था तब एप्पल की ग्रोथ अच्छी नहीं थी लेकिन 2025 तक आते-आते उनके नेतृत्व में कंपनी ने काफी तरक्की की। साल 2011 में एप्पल की कुल कमाई करीब 100.3 बिलियन डॉलर थी। वहीं टिम कुक के नेतृत्व में 15 साल बाद कंपनी की नेटवर्थ बढ़कर 435.5 बिलियन डॉलर हो गई। यानी चार गुणा से भी ज्यादा की बढ़त हासिल की। यह दिखाता है कि एप्पल ने सिर्फ अपना कारोबार ही नहीं बढ़ाया, बल्कि लगातार मजबूत और स्थिर ग्रोथ भी हासिल की।
साल 2011 में आईफोन की बिक्री से एप्पल को करीब 44.9 बिलियन डॉलर की कमाई होती थी। उस समय आईफोन धीरे-धीरे लोगों के बीच अपनी जगह बना रहा था। टिम कुक ने हर नए आईफोन मॉडल के साथ बाजार में नया ट्रेंड सेट किया। कैमरा, डिजाइन, प्रोसेसर हो या सिक्योरिटी हर बार फोन को पहले से बेहतर बनाया। यही वजह रही कि लोगों में आईफोन का क्रेज लगातार बढ़ता गया। नतीजा यह हुआ कि आज आईफोन से होने वाली कमाई बढ़कर 225.7 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। केवल आईफोन बेचकर एप्पल दुनिया की कई बड़ी कंपनियों से ज्यादा कमा लेता है। टिम कुक ने प्रो, मैक्स और प्लस जैसे अलग-अलग मॉडल लॉन्च कर हर तरह के प्रीमियम ग्राहकों को अपनी तरफ खींचा।
आंकड़ों के अनुसार साल 2011 में आईफोन के अलावा दूसरे प्रोडक्ट्स और सर्विसेज से एप्पल को करीब 55.4 बिलियन डॉलर की कमाई होती थी। लेकिन 2025 में यह बढ़कर 209.8 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। कंपनी ने सिर्फ आईफोन पर निर्भर रहने के बजाय अपने कारोबार को कई हिस्सों में मजबूत किया। टिम कुक ने यह रणनीति अपनाई कि एप्पल की पहचान सिर्फ एक प्रोडक्ट तक सीमित न रहे। एप्पल वॉच, एयरपॉड्स और दूसरी सर्विसेज को तेजी से आगे बढ़ाया गया। आज समय में प्रोडक्ट्स और सर्विसेज अपने आप में बड़ा बाजार बन चुके हैं और यह एप्पल की कमाई का मजबूत सहारा भी हैं।
साल 2011 में एप्पल की कमाई मुनाफा करीब 23.6 बिलियन डॉलर था। लेकिन मजबूत बिजनेस, बेहतर मैनेजमेंट और प्रीमियम प्राइसिंग के दम पर यह आंकड़ा बढ़कर 117.8 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। मुनाफे में करीब पांच गुणा की बढ़ोतरी हुई। यह आंकड़े बताता हैं कि कंपनी ने अपने हर फैसले को कितनी समझदारी से लिया। टिम कुक ने ग्राहक को क्वालिटी, भरोसा और बेहतर अनुभव मिले, तो लोग प्रीमियम कीमत देने के लिए भी तैयार रहते हैं।
जब स्टीव जॉब्स ने पद छोड़ा था, उस समय शेयर बाजार में एप्पल की कुल वैल्यू यानी मार्केट कैप करीब 349 बिलियन डॉलर थी। आज अप्रैल 2026 तक एप्पल का मार्केट कैप 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है। करीब 11 गुणा से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई है। निवेशकों ने टिम कुक पर भरोसा जताया और एप्पल ने उन्हें लगातार अच्छा रिटर्न दिया।
टिम कुक की इस सफलता में भारत जैसे बाजारों की भी अहम भूमिका रही है। साल 2011 में भारत में एप्पल की मौजूदगी काफी सीमित थी। लेकिन टिम कुक ने भारत की ताकत और यहां के बड़े बाजार को समय रहते पहचान लिया। उन्होंने भारत में एप्पल के अपने स्टोर खोले और साथ ही ‘मेक इन इंडिया’ के तहत आईफोन का उत्पादन भी शुरू कराया। शहरों से लेकर छोटे इलाकों तक, हर जगह आईफोन का क्रेज साफ नजर आता है। युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। चीन पर निर्भरता कम करने की रणनीति के तहत एप्पल ने भारत को एक बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के तौर पर तैयार किया।
4 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन और मजबूत मुनाफे के बाद भी एप्पल की रफ्तार थमने वाली नहीं दिख रही है। अब कंपनी का फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एप्पल विजन प्रो जैसे भविष्य के प्रोडक्ट्स पर है। एप्पल इंटेलिजेंस के जरिए कंपनी सॉफ्टवेयर और एआई की दुनिया में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है और टिम कुक के नेतृत्व में पहले से ज्यादा मजबूत, बड़ा और प्रभावशाली बन गया। एप्पल की यह कहानी सिर्फ एक कंपनी की सफलता नहीं, बल्कि लीडरशिप और बेहतरीन बिजनेस मैनेजमेंट का बड़ा उदाहरण है, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी सीख लेंगी।