Patrika Special News

Chronic Stress : 20 में सफेद बाल और 30 में याददाश्त कमजोर! मनोचिकित्सक से जानिए क्या क्रोनिक स्ट्रेस आपको समय से पहले बूढ़ा बना रहा है

Chronic Stress Affects Hair: क्या 20 की उम्र में सफेद बाल और 30 में कमजोर याददाश्त आपको परेशान कर रही है? जानिए, मनोचिकित्सक के अनुसार क्रोनिक स्ट्रेस कैसे आपको समय से पहले बूढ़ा बना रहा है और कैसे इससे छुटकारा पा सकते हैं।
6 min read
Jul 04, 2026
Stress Memory Loss Chronic stress Grey hair Sedentary Lifestyle
20 की उम्र में सफेद बाल क्यों?( Photo: AI)

Chronic Stress : आज की हाइपर-कनेक्टेड डिजिटल लाइफस्टाइल में एक अजीब सा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। जो बीमारियां या शारीरिक बदलाव पहले 50 या 60 की उम्र के बाद दिखाई देते थे, वे अब 20 और 30 साल के युवाओं में आम हो चुके हैं। आज के दौर में कॉरपोरेट मीटिंग्स में बैठे 25 साल के युवाओं के सिर पर सफेद बाल (Premature Greying) चमक रहे हैं, तो वहीं 32 साल के प्रोफेशन्ल्स को चाबी कहां रखी है, या कल किससे क्या बात हुई थी, यह सब याद रखने के लिए स्ट्रगल करना पड़ रहा है।

यदि आप भी इस स्थिति से गुजर रहे हैं, तो अकेले नहीं हैं। न्यूरोलॉजिस्ट्स का मानना है कि इसके पीछे कोई जेनेटिक खराबी नहीं, बल्कि 'क्रोनिक स्ट्रेस' (Chronic Stress यानी लंबे समय तक बना रहने वाला मानसिक तनाव) है। आइए विस्तार से समझते हैं कि तनाव हमारे शरीर और दिमाग को अंदर ही अंदर कैसे बूढ़ा बना रहा है।

20 की उम्र में सफेद बाल: 'फाइट-या-फ्लाइट' का साइड इफेक्ट

अक्सर लोग सोचते हैं कि बाल सिर्फ केमिकल वाले शैम्पू या प्रदूषण से सफेद होते हैं, लेकिन विज्ञान कुछ और ही कहता है। हमारे बालों का प्राकृतिक रंग मेलेनिन (Melanin) नाम के पिगमेंट से तय होता है। इस पिगमेंट को बनाने का काम मेलानोसाइट स्टेम सेल्स (Melanocyte Stem Cells) करती हैं।

जब हम किसी प्रोजेक्ट डेडलाइन, पर्सनल लाइफ या करियर को लेकर लगातार तनाव में रहते हैं, तो हमारा शरीर 24 घंटे खतरे के मोड में रहता है। इसे मेडिकल साइंस में 'फाइट-या-फ्लाइट' (Fight-or-Flight) रिस्पॉन्स कहते हैं। इस स्थिति में शरीर में नोरेपेनेफ्रिन (Norepinephrine) नामक न्यूरोट्रांसमीटर या केमिकल रिलीज होता है। हालिया रिसर्च बताती हैं कि यह केमिकल बालों के फॉलिकल्स में मौजूद मेलानोसाइट स्टेम सेल्स को बहुत तेजी से और परमानेंटली डैमेज कर देता है। नतीजा यह होता है कि बाल समय से पहले अपना रंग खो देते हैं और 20 की उम्र में ही सिर पर चांदी नजर आने लगती है।

30 की उम्र में 'ब्रेन फॉग' और कमजोर याददाश्त: क्या कहता है न्यूरोसाइंस?

"मैं कुछ भूल तो नहीं रहा?" यह डर आज के 30-35 साल के युवाओं में सबसे ज्यादा है। न्यूरोलॉजिस्ट्स के अनुसार, हमारे दिमाग में हिप्पोकैम्पस (Hippocampus) नाम का एक हिस्सा होता है, जो नई यादें बनाने, सीखने और चीजों को रिकॉल (Recall) करने के लिए जिम्मेदार होता है। तनाव जब क्रोनिक (पुरानी बीमारी की तरह) हो जाता है, तो एड्रिनल ग्लैंड से कोर्टिसोल (Cortisol) यानी स्ट्रेस हार्मोन का रिसाव लगातार होने लगता है। कोर्टिसोल का बढ़ा हुआ स्तर सीधे हिप्पोकैम्पस पर हमला करता है।

इसके दो गंभीर नुकसान होते हैं:

  • यह दिमाग की मौजूदा कोशिकाओं (Neurons) के बीच के कनेक्शन को कमजोर कर देता है।
  • यह दिमाग में नए न्यूरॉन्स बनने की प्रक्रिया (Neurogenesis) को धीमा या पूरी तरह ब्लॉक कर देता है। इसी वजह से 30 की उम्र पार करते ही लोग 'ब्रेन फॉग' का शिकार होने लगते हैं। फोकस न कर पाना, छोटी-छोटी बातें भूल जाना या मानसिक थकान महसूस होना इसी न्यूरोलॉजिकल डैमेज का संकेत है।

पत्रिका के सवाल- जवाब डॉ. सुनील शर्मा के साथ

आजकल ओपीडी (OPD) में 20 और 30 साल के युवाओं में सफेद बाल, हेयर फॉल और 'चीजें भूलने' (ब्रेन फॉग) के मामले पहले के मुकाबले कितने प्रतिशत बढ़े हैं?

आज के युवाओं में समय से पहले सफेद बाल, हेयर फॉल या ब्रेन फॉग जैसी समस्याओं को लेकर ओपीडी (OPD) में आने वाले मामलों में निश्चित रूप से बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसका कोई एक विश्वसनीय या सर्वमान्य प्रतिशत (Percentage) उपलब्ध नहीं है, क्योंकि पापुलेशन लेवल पर ट्रेंड डेटा काफी सीमित है। इसलिए वैज्ञानिक रूप से कोई सटीक आंकड़ा देना सही नहीं होगा। लेकिन क्लीनिकल तौर पर यह साफ देखा जा रहा है कि 'क्रोनिक स्ट्रेस' सीधे तौर पर सेलुलर एजिंग, हेयर ग्रेइंग और व्यक्ति की कॉग्निशन यानी समझने व निर्णय लेने की क्षमता पर बेहद बुरा असर डाल रहा है।

क्या वाकई उम्र का पैमाना बदल गया है? जिसे हम 'बुढ़ापा' कहते थे, क्या क्रोनिक स्ट्रेस उसे 20 साल पहले खींच लाया है?

यह सच है कि युवाओं में 'फंक्शनल एजिंग' (यानी शरीर और अंगों का समय से पहले कमजोर होना) दिखाई देने लगी है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उनकी जैविक उम्र (Biological Age) अचानक से 20 साल आगे बढ़ गई है। असल में, लंबे समय का मानसिक तनाव, कम नींद, शरीर को पर्याप्त आराम न मिलना, स्मोकिंग, अल्कोहल या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन, पोषक तत्वों की कमी (Nutritional Deficits), मेटाबॉलिक समस्याएं और गतिहीन जीवनशैली (Sedentary Lifestyle) ये सभी कारण मिलकर व्यक्ति को उसकी वास्तविक उम्र से कहीं ज्यादा बूढ़ा (Older than age) दिखा सकते हैं। इसे हम असमय बुढ़ापे का बाहरी रूप (Phenotypical Look) कह सकते हैं।

आम तौर पर लोग सफेद बालों के लिए पानी, प्रदूषण या शैम्पू को जिम्मेदार मानते हैं। तनाव (Stress) का बालों के मेलेनिन से क्या सीधा कनेक्शन है, इसे आम भाषा में कैसे समझाएंगे?

आमतौर पर हम पानी या शैम्पू को बालों के सफेद होने का कारण मानते हैं, लेकिन तनाव का मेलेनिन से बहुत सीधा और गहरा कनेक्शन है। हमारे बालों का प्राकृतिक रंग मेलेनिन (Melanin) नाम के पिगमेंट से तय होता है, जिसे मिलेनोसाइट्स स्टेम सेल्स बनाती हैं। जब हम अत्यधिक तनाव में होते हैं, तो शरीर में 'फाइट-या-फ्लाइट' रिस्पॉन्स एक्टिवेट हो जाता है। इस दौरान इसके सिंथेसिस में डिस्टरबेंस आता है और पिगमेंट बनाने वाली ये सेल्स समय से पहले ही एक्टिवेट होकर पूरी तरह खत्म हो जाती हैं। नतीजा यह होता है कि कम पिगमेंटेशन के कारण हेयर शाफ्ट सीधे ग्रे या सफेद उगने लगते हैं।

मेडिकल साइंस में 'सेलुलर एजिंग' और 'टेलोमियर्स' (Telomeres) की बात होती है। मानसिक तनाव हमारे डीएनए (DNA) को कैसे बूढ़ा कर देता है?

देखिए, मानसिक तनाव (Stress) सिर्फ हमें दिमागी तौर पर ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि यह शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, अंदरूनी सूजन (Inflammation) और ऑटोनॉमिक अराउजल को बढ़ा देता है। इसकी वजह से हमारे शरीर में 'टीलोमिरेज एक्टिविटी' घटने लगती है और टेलोमियर के छोटे होने (Telomere Shortening) की रफ्तार तेज हो जाती है। रिसर्च में यह भी देखा गया है कि अत्यधिक मानसिक तनाव झेलने वाली महिलाओं में यह टेलोमियर की लंबाई (Telomere Length) को काफी कम कर देता है, जिससे समय से पहले बुढ़ापा आने लगता है।

क्या तनाव से होने वाला यह एजिंग प्रोसेस (जैसे याददाश्त का कमजोर होना या बालों का सफेद होना) लाइफस्टाइल बदलकर पूरी तरह ठीक (Reverse) किया जा सकता है, या इसे सिर्फ रोका जा सकता है?

जैसा कि हम जानते हैं, जब किसी भी वजह से लंबे समय तक मानसिक तनाव बना रहता है, तो उसे 'क्रोनिक स्ट्रेस' कहते हैं। इसका सीधा असर हमारे फोकस (Attention), सोचने-समझने की क्षमता (Cognition) और मानसिक कार्यप्रणाली पर पड़ता है, जिसे लोग 'ब्रेन फॉग' के रूप में महसूस करते हैं। राहत की बात यह है कि तनाव के कारण दिमाग की कार्यक्षमता में आने वाली यह कमी परमानेंट (स्थायी) या इररिवर्सिबल नहीं होती, बल्कि इसे पूरी तरह ठीक (Reversible) किया जा सकता है।

जब बात इस डैमेज को पूरी तरह रिवर्स (ठीक) करने की आती है, तो यह इस बात पर निर्भर करता है कि समस्या का मूल कारण क्या है। अगर तनाव के कारण शुरुआती स्टेज में मानसिक थकान (Fatigue), फोकस में कमी या कुछ फंक्शनल बदलाव आए हैं, तो उन्हें लाइफस्टाइल में सुधार करके, बेहतर 'स्लीप हाइजीन' (नींद के नियमों) के जरिए अच्छी नींद लेकर, नियमित एक्सरसाइज, थेरेपी और तनाव से निपटने के तरीकों (Coping Mechanisms) को अपनाकर शुरुआती स्टेज में ही रिवर्स किया जा सकता है।

लेकिन इसके विपरीत, अगर लगातार लंबे समय तक रहने वाले तनाव के कारण बालों के फॉलिकल्स में मौजूद 'मिलेनोसाइट स्टेम सेल्स' का रिजर्व (भंडार) पूरी तरह खत्म हो चुका है, तो बालों के सफेद होने की प्रक्रिया को रोकना या पलटना बेहद मुश्किल हो जाता है। संक्षेप में कहें तो, शुरुआती स्टेज में यह नुकसान पूरी तरह ठीक होना (Reversible) संभव है, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर यह परमानेंट या इररिवर्सिबल (अपरिवर्तनीय) भी हो सकता है।

काम के भारी दबाव के बीच दिमाग को तुरंत शांत करने के लिए कोई एक आसान एक्सरसाइज या '1 मिनट ट्रिक' क्या हो सकती है?

काम के भारी दबाव के बीच दिमाग को तुरंत शांत और रिफ्रेश करने के लिए '1-मिनट फिजियोलॉजिकल ट्रिक' बेहद असरदार है। इसे एक तरह की गहरी सांस लेने वाली (Deep Breathing) एक्सरसाइज माना जाता है। इसमें आपको बहुत ही गहराई से सांस अंदर खींचनी होती है, फिर जितनी देर सहजता से रोक सकें, उसे रोक कर रखें और उसके बाद धीरे-धीरे सांस को बाहर छोड़ें। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अपना पूरा ध्यान सिर्फ अपनी सांसों की गति पर केंद्रित रखें। जब आप इस एक्टिविटी को लगातार 1 मिनट तक दोहराते हैं, तो यह आपके शरीर और मस्तिष्क में ऑक्सीजन के स्तर (Oxygenation) को तुरंत बढ़ा देती है। यह आसान सी ट्रिक आपके भटके हुए फोकस और एकाग्रता (Concentration) को पल भर में रीसेट और रीफ्रेश कर देती है।

Updated on:
04 Jul 2026 11:59 am
Published on:
04 Jul 2026 11:59 am