Patrika Special News

मैं तो चीनी-मिठाइयों से कोसों दूर, मुझे कैसे हो गई शुगर? क्या बला है इंसुलिन रेजिस्टेंस

Diabetes Reversible Episode 5: पिछले 4 एपिसोड में हमने जाना कि किस तरह भारतीय थाली में अमरीकी डायट प्लान आज भ शामिल है। हर घर की डायनिंग टेबल पर सजा है और हर घर में डायबिटीज मरीज के साथ ही एक सवाल भी... जो अक्सर लोग शुगर मरीज से पूछते हैं... क्या आप बहुत मीठा खाते थे? या फिर ये बताते लोग कि 'मैंने तो कभी चीनी-मिठाई को छुआ भी नहीं फिर मुझे शुगर कैसे हो गई? आप भी यही सोचते हैं... तो patrika.com के इस एक्सप्लेनर को पढ़कर टूट जाएगा आपका ये भ्रम...

4 min read
Feb 16, 2026
MP news diabetes reversible episode 5 what is sugar insulin resistance sugar ka such(photo: AI)

Diabetes Reversible Episode 5 patrika series: जैसे ही किसी को पता चलता है कि उसके करीबी या रिश्ते-नातेदार किसी को डायबिटीज डायग्नोस हुई है। सुनते ही उसे हैरानी से कहते सुना होगा… बहुत मिठाई खाता था, इसलिए हो गई शुगर या फिर वो तो मीठा पसंद ही नहीं करता फिर उसे कैसे शुगर हो गई। अगर आप भी यही सोचते हैं तो patrika.com की सीरीज Diabetes Reversible Episode के इस भाग में संजना कुमार की शुगर का सच बताती रिपोर्ट आपको हैरान कर देगी। सफेद चीनी, मिठाई से नहीं होती शुगर… फिर क्या है 'शुगर की असली वजह… और ये इंसुलिन रेजिस्टेंस'

ये भी पढ़ें

1980 से पहले की सादी थाली से जंक फूड तक का सफर, जानें कैसे शुगर रिस्क बढ़ाती गई भारतीय थाली

चीनी तो असल में एक मोहरा, असली विलेन तो कोई और है

सफेद चीनी खाना ही शुगर का कारण नहीं है। हमारा शरीर हर उस चीज को शुगर या ग्लुकोज में बदल देता है, जिसमें कार्बोहाइड्रेट होता है। सफेद चीनी के अलावा, सफेद मैदा, सफेद चावल, सफेद ब्रेड, पास्ता आदि। ये शरीर में जाते ही इतनी तेजी से शुगर बढ़ाते हैं, जितनी तेजी से सिर्फ एक चम्मच चीनी।

यहां तक कि आपकी नमकीन, बिस्किट और केचप के साथ ही पैक्ड फूड या ज्यूस भी। क्योंकि इनमें भी काफी मात्रा में शुगर होती है, लेकिन ये शुगर हमें नजर नहीं आती। आपके लिए चौंकाने वाली बात ये है कि चीनी खाना शुगर की बीमारी नहीं कहलाती, चीनी को न पचा पाना असल में डायबिटिक या शुगर का मरीज होना है।

diabetes reversible episode 5 patrika series health alert shocking Facts(photo: AI)

अगर आप दिनभर कुर्सी पर बैठकर लगातार काम करते हैं। अगर आप बहुत ज्यादा स्ट्रेस में रहते हैं, अगर आपकी नींद पूरी नहीं हो पा रही, आप बार-बार खाते हैं, क्रेविंग आपको बार-बार खाने को मजबूर रही है… तो ये आदतें और जीवनशैली भी शुगर यानी डायबिटीज का खतरा बढ़ाती हैं।

यहां समझें इंसुलिन रेजिस्टेंस या शुगर न पचा पाना असल में क्या है?

असल में इंसुलिन रेजिस्टेंस (Insulin Resistance) का अर्थ है आपके शरीर ने अब शुगर को पचाना बंद कर दिया है। ये अलग से कोई बीमारी नहीं है, बल्कि आपके शरीर की वो स्थिति है, जिसमें कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता कम कर देती हैं या उसे पहचानने से इनकार कर देती हैं।

हम जो भी खाना खाते हैं, जब वह पच जाता है, तो ग्लूकोज यानी शुगर बनता है। यह ग्लूकोज खून के जरिए आपकी कोशिकाओं तक पहुंचकर शरीर को ताकत और एनर्जी देता है। यानी ये कोशिकाओं के दरवाजे के लिए एक चाबी का काम करता है। इसे इंसुलिन कहा जाता है। ये पैंक्रियाज यानी अग्नाश्य से बनने वाला हार्मोन है।

MP News Diabetes Reversible Episode 5 Insulin Resistance(photo:AI)

जब शरीर इंसुलिन को इग्नोर करने लगता है, तो कोशिकाओं का दरवाजा ठीक से नहीं खुल पाता। ऐसे में शुगर कोशिकाओं में पहुंचने के बजाय खून में ही जमा होना शुरू हो जाती है। तब शुगर को पचाने के लिए पैंक्रियाज से इंसुलिन लगातार और ज्यादा मात्रा में रीलिज होने लगता है। यही स्थिति इंसुलिन रेजिस्टेंस कहलाती है।

अब आपका सवाल होगा कि इससे क्या होता है, तो इसका जवाब है खून में धीरे-धीरे शुगर बढ़ने लगती है। आपका वजन बढ़ना शुरू हो जाता है। खासकर पेट के आसपास। थकान और भूख ज्यादा हो जाती है। भविष्य में यही स्थिति पहले प्रीडायबिटीज में बदलती है और फिर टाइप 2 डायबिटीज भी हो सकती है।

आखिर इंसुलिन रेजिस्टेंस होता क्यों है?

सिर्फ चीनी खाने से नहीं, बल्कि पेट के आसपास चर्बी जमने से, शारीरिक मेहनत या गतिविधियों में कमी से, ज्यादा रिफाइंड या हाई कार्ब मीठे या मैदे के रुप में लेने से, नींद की कमी, तनाव, परिवार में डायबिटिज और हार्मोनल गड़बड़ी भी इंसुलिन रेजिस्टेंस का कारण हैं।

Insulin Resistance Symptoms in Body diabetes reversible episode 5 patrika series(photo:freepik)

समोसे, कचौरी जैसे तले-भुने खाद्य पदार्थ भी खतरा

सिर्फ चीनी ही नहीं नमकीन खाने वाले लोगों को भी डायबिटीज का बड़ा खतरा रहता है। दरअसल हमारे यहां लोगों को समोसे खाने, कचौरी और नमकीन के शौकीन हैं। इनमें मौजूद घटिया तेल (Trans fat) मैदा आपके शरीर की कोशिकाओं को ऐसा बना देती हैं कि वो इंसुलिन को इग्नोर करने लगती हैं। ये इग्नोरेंस ही खून में शुगर लेवल को बढ़ाने लगता है।

दिमागी कड़वाहट भी बढ़ाती है खून में मिठास

दरअसल जब आप स्ट्रेस में होते हैं, तब आपका दिमाग कॉर्टिसोल नामक स्ट्रेस हार्मोन रीलिज कर रहा होता है। यही तनाव बढ़ाता है। तनाव के कारण आपका लीवर खुद-ब-खुद शुगर रीलिज करने लगता है। ताकि आपको उस स्ट्रेस से लड़ने की ताकत मिले। ऐसे में अगर आप लगातार तनाव में रहते हैं, तब आप बिना मीठा खाए भी आपकी शुगर रिपोर्ट बढ़ी हुई आएगी।

Diabetes reversible patrika series episode 5 stress big reason of diabetes(photo:freepik)

यानी डायबिटीज या शुगर केवल चीनी की बीमारी नहीं है, यह हमारी बिगड़ी हुई जीवन शैली का असर भी है। मिठाई छोड़ना तो आपके लिए आसान होगा, लेकिन आलस और तनाव को छोड़ा जाना यहां बेहद जरूरी महसूस होता है। अगर इन्हें जीवनशैली से दूर रखा जाए, तो शुगर आप पर हावी नहीं हो सकती।

Diabetes reversible episode 5 patrika series, Health Alert शुगर का सच... क्या आप जानते हैं?

Diabetes Reversible Episode 5 में आज आपने जाना शुगर का चक्रव्यूह केवल सफेद चीनी का खेल भर नहीं है। अगर मैं कहूं कि आपके शरीर में डायबिटीज की असली फैक्ट्री पैंक्रियाज में नहीं बल्कि, आपके लीवर में लगी है! एपिसोड 6 में जानेंगे इस अदृश्य अंग की कहानी, जिसका सीधा कनेक्शन आपके बाहर निकले हुए पेट और बढ़ती हुई शुगर से है। कल का ये खुलासा आपकी आंखें खोल देगा। शुगर का सच बताती patrika.com मध्यप्रदेश की डायबिटीज रिवर्सिबल सीरीज को पढ़ने लिए जुड़े रहिए हमारे साथ…।

ये भी पढ़ें

75 प्रकार के दस्तावेजों की रजिस्ट्री अब आसान, सीएम देंगे प्रदेश के पहले साइबर रजिस्ट्री ऑफिस की सौगात

Published on:
16 Feb 2026 04:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर