Patrika+

बेटी के जन्म से करियर तक, किस उम्र में कौन सी सरकारी योजना आती है काम, जानिए पूरा रोड मैप

Girl Child Government Schemes: अगर आप भी बेटी के माता-पिता हैं, तो जानिए भारत के कौन-कौन से राज्य में किस नाम से संचालित की जा रहीं हैं योजनाएं, आप कैसे ले सकते हैं बेटी के पालन-पोषण से लेकर सुनहरे भविष्य के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं का लाभ, इन्हें लिस्ट नहीं बेटी की उम्र के हिसाब से समझना जरूरी
3 min read
Aug 05, 2026
Girl Child government schemes India
Girl Child government schemes India: एक लिस्ट की तरह नहीं, बेटी की उम्र के हिसाब से समझें योजनाएं। (AI Creative)

Girl Child Government Schemes: बेटी के जन्म पर परिवार की सबसे बड़ी चिंता अक्सर उसकी पढ़ाई, सुरक्षा और भविष्य के खर्चों को लेकर होती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने अलग-अलग चरणों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। लेकिन समस्या यह है कि अधिकांश परिवारों को यह जानकारी ही नहीं होती कि किस उम्र में कौन-सी योजना का लाभ लिया जा सकता है। नतीजा यह होता है कि पात्र होने के बावजूद कई परिवार समय पर आवेदन नहीं कर पाते। यदि आप भी बेटी के माता-पिता हैं, तो जरूरी है योजनाओं को उम्र के हिसाब से समझा जाए, तब इनका लाभ लेने की तस्वीर आसान हो जाती है। patrika.com पर जानिए जन्म के समय बचत की शुरुआत, स्कूल में छात्रवृत्ति, किशोरावस्था में शिक्षा प्रोत्साहन और आगे उच्च शिक्षा या आर्थिक सुरक्षा तक, हर चरण पर अलग-अलग योजनाएं का लाभ कैसे लिया जा सकता है।

0 से 10 वर्ष, भविष्य की आर्थिक नींव

बेटी के जन्म के बाद सबसे चर्चित योजनाओं में सुकन्या समृद्धि योजना शामिल है। इसमें अभिभावक छोटी-छोटी बचत से लंबे समय के लिए निवेश कर सकते हैं। इसके अलावा कई राज्यों में जन्म पर प्रोत्साहन राशि या चरणबद्ध आर्थिक सहायता देने वाली योजनाएं भी संचालित होती हैं।

स्कूल की पढ़ाई, शिक्षा बीच में न छूटे

स्कूल जाने की उम्र में कई राज्य छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म, साइकिल, पुस्तक सहायता और अन्य प्रोत्साहन देते हैं ताकि बेटियों की पढ़ाई जारी रहे और ड्रॉपआउट कम हो। कुछ योजनाएं विशेष रूप से माध्यमिक शिक्षा तक बेटियों को स्कूल में बनाए रखने के उद्देश्य से बनाई गई हैं।

कक्षा 9 से 12: करियर की तैयारी का दौर

यही वह समय है जब कई छात्रवृत्ति योजनाएं और प्रोत्साहन कार्यक्रम सक्रिय होते हैं। इनका उद्देश्य बाल विवाह को हतोत्साहित करना, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा को बढ़ावा देना और बेटियों को कॉलेज तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है।

कॉलेज और करियर: आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर

उच्च शिक्षा के दौरान कई राज्यों में आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति या प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है। कुछ योजनाएं कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय समावेशन से भी जुड़ी हैं, ताकि बेटियां आगे चलकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

राज्यों की प्रमुख योजनाएं एक नजर में

राज्य - प्रमुख योजना

उत्तर प्रदेश - कन्या सुमंगला

मध्य प्रदेश - लाड़ली लक्ष्मी

राजस्थान - राजश्री योजना

पश्चिम बंगाल - कन्याश्री

महाराष्ट्र - लेक लाडकी

दिल्ली - लखपति बिटिया योजना (नई पहल)

योजना का लाभ लेने से पहले ये 5 बातें जरूर जांचें

  • बेटी की आयु और पात्रता
  • परिवार की आय सीमा
  • राज्य का निवास प्रमाण
  • आधार, बैंक खाता और जरूरी दस्तावेज
  • आवेदन की समयसीमा और आधिकारिक पोर्टल

क्यों छूट जाता है लाभ?

विशेषज्ञों का मानना है कि सबसे बड़ी समस्या जागरूकता की कमी है। कई योजनाओं में आवेदन की समय-सीमा या आयु सीमा तय होती है। यदि परिवार समय पर आवेदन नहीं करता, तो बाद में पात्र होने के बावजूद लाभ नहीं मिल पाता।

क्या केवल सरकारी योजना से भविष्य सुरक्षित हो जाएगा?

सरकारी योजनाएं आर्थिक सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, लेकिन वे पूरी शिक्षा या करियर का खर्च हमेशा नहीं उठातीं। इसलिए अभिभावकों को इन योजनाओं के साथ नियमित बचत, शिक्षा की योजना और समय पर दस्तावेज तैयार रखने पर भी ध्यान देना चाहिए।

बेटियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक उन्हें निरंतर सहयोग देना है। यदि परिवार सही समय पर सही योजना की जानकारी लेकर आवेदन करे, तो इन योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सकता है। इसलिए जरूरी है कि योजनाओं को एक लिस्ट की तरह नहीं, बल्कि बेटी के जीवन के हर पड़ाव के रोडमैप की तरह समझा जाए।

Updated on:
05 Aug 2026 02:09 pm
Published on:
05 Aug 2026 02:08 pm