राजनीति

महिलाओं पर हिंसा करने वालों को टिकट देने में बीजेपी सबसे आगे: एडीआर रिपोर्ट

दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी के लिए एडीआर की ये रिपोर्ट परेशान करने वाली है।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2018, 5:49 PM IST
ADR report

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है। उसी पार्टी के माथे पर उसके नेताओं ने सबसे बड़ा दाग भी लगा दिया है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्मस (एडीआर) की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले पांच सालों में महिलाओं पर हिंसा करने वालों को बीजेपी ने सबसे ज्यादा टिकट दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले उन्नाव में एक बीजेपी विधायक पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा। तो वहीं बीजेपी के ही दो मंत्री कठुआ गैंगरेप के आरोपियों के समर्थन में उतर कर पार्टी की किरकिरी करवा चुके हैं।

1582 सांसद और विधायक दागदार
गुरूवार को जारी एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक देश में 1582 सांसद और विधायक ऐसे हैं, जिनपर कोई न कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज है। वहीं 3 सांसद और 45 विधायक ऐसे हैं, जिनके ऊपर महिलाओं पर अत्याचार करने का मामला दर्ज है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में सबसे आगे महाराष्ट्र के विधायक और सांसद हैं। तो दूसरे स्थान पर पश्चिम बंगाल और तीसरे पर आंध्र प्रदेश है।

महिला हिंसा में बीजेपी नेता अव्वल
इस रिपोर्ट में एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है। पिछले पांच साल में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों ने 26 ऐसे दागदार लोगों को टिकट दिया है जिनके खिलाफ महिलाओं से दुष्कर्म के मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने पिछले पांच साल में 47 ऐसे लोगों को अपना प्रत्याशी बनाया है जिनके खिलाफ महिलाओं के प्रति अपराध के मामले दर्ज हैं। दूसरे स्थान पर बसपा है, जिसकी अध्यक्ष खुद एक महिला ही हैं। बसपा ने ऐसे 35 दागदार लोगों को लोकसभा या विधानसभा भेजने की कोशिश की है। इस सूची में कांग्रेस तीसरे स्थान पर है। पार्टी ने ऐसे 24 लोगों को टिकट दिया है।

बीजेपी के ही विधायक और सांसद भी सबसे ज्यादा आरोपी
बीजेपी में महिलाओं के प्रति अपराध करने वाले सबसे ज्यादा प्रत्याशी ही नहीं बल्कि सांसद और विधायक भी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी में ऐसे 12 सांसद और विधायक हैं, जो महिलाओं के प्रति अपराध के आरोपी हैं, जो सबसे ज्यादा है। ऐसे ही 7 दागदार माननीयों के साथ शिवसेना दूसरे स्थान पर है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के ऐसे 6 विधायक और सांसद हैं जो महिला अपराध के आरोपी हैं।

Published on: