
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन यानि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। उनकी इस राजनीति की वजह से बंगाल का नाम बदनाम हुआ है। जबकि पश्चिम बंगाल का इतिहास हमेशा से गौरवशाली रहा है। हम बंगाल को वही स्थान दिलाएंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में फिर से बंगाल का गौरव बहाल करने में हम कामयाब होंगे। इससे पहले अमित शाह ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में माता की पूजा अर्चना की।
दमनकारी नीतियों से जनता त्रस्त
मिशन बंगाल के दौरे के पहले दिन अमित शाह ने कहा था कि ममता बनर्जी की दमनकारी नीतियों से प्रदेश की जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को टीएमसी निशाना बना रही है। बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या का सिलसिला भी जारी है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी अगर इसी नीति पर चलती रहीं तो उन्हें बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता उन्हें सत्ता से बेदखल कर देगी।