
कांग्रेस से खींचतान के बीच उद्धव की शिवसेना ने उतारे अपने उम्मीदवार (Photo: IANS/File)
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 5 सीटों पर होने जा रहे चुनाव को लेकर राज्य का सियासी माहौल गरमा गया है। एक तरफ जहां सत्ताधारी महायुति में सीटों के बंटवारे के बाद रार मची हुई है, वहीं विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) में भी मतभेद खुलकर सामने आ गई है। अमरावती शिक्षक सीट पर कांग्रेस द्वारा एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है, जिससे एमवीए के भीतर 'फ्रेंडली फाइट' होना तय हो गया है।
उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) ने अमरावती शिक्षक सीट से दत्तात्रय श्रीराम लहाने और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप हरिभाऊ घुगे को उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही अमरावती सीट पर कांग्रेस और ठाकरे गुट के बीच मुकाबले की स्थिति बन गई है।
कांग्रेस ने इससे पहले विधान परिषद चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिजित वंजारी, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयंत दिनकर असगांवकर और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अदिती ऋषिकेश पोहरे को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से अमरावती में अदिती पोहरे को उम्मीदवार बनाए जाने की पुष्टि रिपोर्टों में हुई है।
इसके बाद ठाकरे गुट ने दत्तात्रय लहाने को मैदान में उतारा है। रिपोर्टों के मुताबिक लहाने का कहना है कि उन्हें पहले ही उद्धव ठाकरे की ओर से उम्मीदवारी का संकेत मिल चुका था और वह नामांकन दाखिल करने के अपने फैसले पर कायम हैं।
इस घटनाक्रम के बाद अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एमवीए के दोनों दलों के उम्मीदवारों के आमने-सामने आने की स्थिति बन गई है। अंतिम तस्वीर नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
विधान परिषद की पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों को लेकर महायुति के भीतर भी गतिविधियां तेज हैं। BJP ने पुणे स्नातक से डॉ. स्मिता जाधव और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके बाद पुणे शिक्षक सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से मंगेश चिवटे के नामांकन दाखिल करने की तैयारी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार चिवटे को चुनाव लड़ने के लिए पार्टी नेतृत्व की ओर से निर्देश मिले हैं।
वहीं पुणे स्नातक सीट पर NCP से जुड़े प्रताप उर्फ भैय्या माने के निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने की बात सामने आई है। ऐसे में महायुति के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा अभी पूरी तरह सुलझा हुआ नजर नहीं आ रहा है।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी भाजपा के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। पार्टी ने यहां सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया है। टिकट के दावेदार रहे पूर्व महापौर और पूर्व विधायक अनिल सोले ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
सोले को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के करीबी नेताओं में गिना जाता है। वह 2014 से 2020 तक नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि कार्यकर्ताओं के आग्रह पर वह चुनाव मैदान में उतरने का फैसला कर रहे हैं।
नागपुर सीट पर भाजपा के सुधाकर कोहले के सामने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजित वंजारी भी मैदान में हैं। वंजारी को कांग्रेस ने दोबारा उम्मीदवार बनाया है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की कुल पांच सीटों के लिए यह चुनाव हो रहा है। इनमें नागपुर, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पुणे और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।
Updated on:
05 Oct 2026 04:09 pm
Published on:
05 Oct 2026 03:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
