
नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में आज दोपहर 12.07 बजे अंतिम सांस ली। जेटली कुशल रणनीतिकार और नामचीन वकील थे।
दरअसल, अरुण जेटली राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रहने वाले थे। उनका जन्म 28 दिसंबर 1952 को हुआ था।
उनके पिता महाराज किशन जेटली पेशे से वकील थे, जबकि माता रतन प्रभा जेटली गृहणी थीं।
अरुण जेटली की पूरी पढ़ाई राजधानी दिल्ली में ही हुई। उनकी स्कूली एजुकेशन सेंट जेवियर स्कूल में हुई।
उसके बाद जेटली ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कानून की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी से ही की।
अरुण जेटली के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। जेटली की शादी 1982 में संगीता से हुई थी। उनके बेटे का नाम रोहन व बेटी का नाम सोनाली है।
उनकी पत्नी संगीता जम्मू से दो बार सांसद और प्रदेश सरकार में मंत्री रहे गिरधारी लाल डोगरा की बेटी है। डोगरा कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं।
अरुण जेटली के दोनों बच्चे भी अपने पिता की तरह तरह वकील हैं। यहां चौंकाने वाली बात यह कि जेटली परिवार अपनी तीन पीढ़ियों से वकालत करता आ रहा है।