आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद आशुतोष ने एक भावुक ट्वीट किया है।
नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी को पिछले आठ महीने में दो बड़े झटके लगे हैं। आप से संस्थापक सदस्य कुमार विश्वास के बाद पत्रकार आशुतोष ने भी आम आदमी पार्टी से रिश्ता तोड़ दिया है। बुधवार की सुबह आशुतोष ने अपने इस्तीफे का ऐलान किया। हालांकि पार्टी ने अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। अपने इस्तीफे के साथ आशुतोष ने कहा कि हर सफर का अंत होता है।
'हर सफर की तरह मेरा क्रांतिकारी सफर खत्म'
आशुतोष ने 72वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के बहाने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए बुधवार की सुबह एक ट्वीट किया। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने मीडिया में चल रही इस्तीफे की खबरों पर मुहर लगाते हुए एक भावुक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि हर सफर का अंत होता है। आम आदमी पार्टी के साथ मेरा शानदार और क्रांतिकारी सफर समाप्त हुआ। मैंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। ये फैसला मैंने निजी कराणों से लिया है। मेरा समर्थन और साथ देने वाले सभी लोगों को शुक्रिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने इस फैसले पर मीडिया में किसी भी तरह का बयान नहीं देने की बात भी कही है।
आप के टिकट पर लड़ चुके हैं चुनाव
देश के बड़े पत्रकारितों में गिने जाने वाले आशुतोष ने 2014 में पत्रकारिता छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। 2014 लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने आप के टिकट से किस्मत आजमाया। आशुतोष सिंह ने आप के टिकट पर दिल्ली की चांदनी चौक सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह बीजेपी नेता हर्षवर्धन से यह चुनाव हार गए थे।
केजरीवाल के कई साथियों ने छोड़ा साथ
बता दें कि आशुतोष से पहले भी आम आदमी पार्टी का साथ वो दिग्गज नेता छोड़ चुके हैं, जिनके सहयोग से ही इस पार्टी का गठन हुआ और अरविंद केजरीवाल सुर्खियों में आएं। शाजिया इल्मी, मीरा सान्याल, किरण बेदी, कैप्टर गोपीनाथ व प्रशांत भूषण जैसे आप संस्थापक सदस्य पार्टी को अलविदा कह चुके हैं। पिछले दिनों आप के राज्यसभा टिकट बंटवारे के बाद कवि और आप नेता कुमार विश्वास भी पार्टी और अरविंद केजरीवाल का खुलकर विरोध कर रहे हैं। आशुतोष के इस्तीफे पर उन्होंने केजरीवाल पर तंज कसते हुए ट्वीट में कहा है कि आजादी मुबारक।