भारत जोड़ो यात्रा के बीच एक बार फिर राहुल गांधी बीजेपी के निशाने पर हैं। इस बार उनका कोई बयान नहीं बल्कि उनकी टीशर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तंज कसा है।
कांग्रेस नेता और केरल से सांसद राहुल गांधी जहां केंद्र सरकार को लेकर लगातार हमलावर हैं। वहीं बीजेपी भी आए दिन किसी ना किसी मुद्दे पर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलती है। कभी-कभी राहुल गांधी के बयान ही उनकी मुश्किलें बढ़ा देते हैं। इस बीच एक और मुद्दा बीजेपी के हाथ लगा है। दरअसल राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान वो कन्याकुमारी से कश्मीर तक का सफर पैदल तय कर रहे हैं। लेकिन इस यात्रा के बीच राहुल गांधी अपनी टीशर्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। बीजेपी ने राहुल गांधी की सफेद रंग की टीशर्ट को लेकर तंज कसा है।
क्या है पूरा मामला?
भारतीय जनता पार्टी ने भारत जोड़ो यात्रा के बीच पैदल यात्रा कर रहे राहुल गांधी की टीशर्ट पर तंज कसा है। बीजेपी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से राहुल गांधी की एक फोटो शेयर की गई है।
बीजेपी ने इस ट्वीट में दावा किया है यह टी-शर्ट burberry कंपनी की है। यही नहीं बीजेपी ने इस टीशर्ट की कीमत भी बताई है। इसके मुताबिक ये टीशर्ट 41,257 रुपए की है। फोटो को शेयर करते हुए बीजेपी ने लिखा- भारत, देखो!
यह भी पढ़ें - राहुल गांधी दोबारा बनेंगे कांग्रेस अध्यक्ष? जानिए इस सवाल का उन्होंने क्या दिया जवाब
राहुल गांधी के ट्वीटर से ही शेयर हुई फोटो पर बीजेपी का तंज
दरअसल ये तस्वीर खुद राहुल गांधी के ट्वीटर हैंडल से शेयर की गई थी। हालांकि उन्होंने यात्रा के दौरान जनता से बातचीत और उनके अभिवादन की फोटो शेयर की थी।
फोटो शेयर करते हुए कांग्रेस की तरफ से लिखा गया- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी 'Village cooking Channel' की टीम से मिले। हालांकि बीजेपी ने इसमें अपने काम का मुद्दा ढूंढ लिया।
कांग्रेस बोली- घबरा गए क्या?
राहुल गांधी की टीशर्ट पर बीजेपी की ओर से तंज कसे जाने के बाद कांग्रेस की ओर से भी पलटवार सामने आया है। कांग्रेस ने कहा है कि कांग्रेस ने बीजेपी को टैग करते हुए एक ट्विट किया. लिखा- अरे... घबरा गए क्या? भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब को देखकर. मुद्दे की बात करो... बेरोजगारी और महंगाई पर बोलो।
बाकी कपड़ों पर चर्चा करनी है तो मोदी जी के 10 लाख के सूट और 1.5 लाख के चश्मे तक बात जाएगी. बताओ करनी है?
यह भी पढ़ें - राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने सौंपा तिरंगा, कहा- देश को अब आपसे ही आस है