राजनीति

पुलवामा के बहाने अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, नेहरू की वजह से भारत में कश्मीर समस्या

आंध्र प्रदेश में अमित शाह ने पुलवामा हमले का मुद्दा 'कांग्रेस किस मुंह से पीएम मोदी से सवाल पूछ रही' 18 घंटे काम करते हैं पीएम मोदी: बीजेपी अध्यक्ष

2 min read
पुलवामा के बहाने अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, नेहरू की वजह से भारत में कश्मीर समस्या

नई दिल्ली। बीजेपी एक बार फिर पूरी तरह से इलेक्शन मोड में आ चुकी है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पुलवामा आतंकी हमले के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा। आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत पर कांग्रेस के लोग राजनीति कर रहे हैं।

किस मुंह से सवाल पूछ रही कांग्रेस: अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि जब पुलवामा में आतंकी हमला हुआ तो पीएम नरेंद्र मोदी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। लेकिन मैं पूछता हूं कि कांग्रेस किस मुंह से सवाल उठा रही है। कांग्रेस पार्टी ने सेनाध्यक्ष को गली का गुंडा कहा। इसी कांग्रेस पार्टी ने सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर शक किया। इस पार्टी के अध्यक्ष ने सर्जिकल स्ट्राइक के बाद कहा था कि मोदी जवानों के खून की दलाली कर रहे हैं।

नेहरू के कारण भारत में कश्मीर समस्या: शाह

कश्मीर मुद्दे का जिक्र करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जिस कश्मीर के कारण ये सब आतंकवादी घटना पाकिस्तान करवा रहा है, उस कश्मीर समस्या का कोई जनक है तो पंडित जवाहरलाल नेहरू। जिनकी वजह से आज कश्मीर फंसा हुआ है। अगर सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते, तो आज देश में कश्मीर समस्या नहीं होती।

18 घंटे काम करते हैं पीएम मोदी: बीजेपी अध्यक्ष

राजमुंदरी में शक्ति केंद्र सम्मान समारोह में बोलते हुए शाह ने कहा जिस दिन ये घटना हुई उस दिन पीएम किसी कार्यक्रम में थे। उसे भी मुद्दा बना दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि आप (कांग्रेस) चाहें जितने आरोप लगा लें लेकिन देश की जनता को फर्क नहीं पड़ने वाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 घंटे देश के लिए समर्पित रहने वाले शख्स हैं। वह हर रोज 18 घंटे काम करते हैं। पीएम मोदी देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार के लिए देश की सुरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Updated on:
21 Feb 2019 05:04 pm
Published on:
21 Feb 2019 03:09 pm
Also Read
View All