
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव ( Loksabha Election ) में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) अब तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।
वैसे तो महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन पार्टी की नजर झारखंड पर सबसे ज्यादा है।
इसी कड़ी में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ( BJP Working President JP Nadda ) आज दो दिवसीय दौरे पर रांची जाएंगे। इस दौरान नड्डा पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव जीतने का गुरुमंत्र भी देंगे।
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा का पहला दौरा
बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा का यह पहला दौरा है। नड्डा दो दिनों तक झारखंड दौरे पर रहेंगे। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर नड्डा का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यकारी अध्यक्ष 13 और 14 जून को रांची में बीजेपी की सदस्यता अभियान का भी जायजा लेगें। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी नड्डा की मुलाकात होगी।
बीजेपी ने इस बार झारखंड में 65 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। कयास लगाया जा रहा है कि बीजेपी झारखंड में इस बार किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी।
जेडीयू ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि वह झारखंड में बीजेपी के साथ उसका गठबंधन नहीं होगा। ऐसे में बीजेपी ने झारखंड को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।
कई और दिग्गज भी पहुंचेंगे रांची
जेपी नड्डा के अलावा रेल राज्य मंत्री, ऊर्जा मंत्री भी रविवार को रांची पहुंचेंगे। हालांकि, दोनों का अलग-अलग कार्यक्रम है लेकिन माना जा रहा है कि इनकी एक साथ बैठक भी हो सकती है। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आरके सिंह रांची के रिम्स के ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहेंगे।
वहीं, रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी चन्नबसप्पा रविवार को रेलवे के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आ रहे हैं। वे 64वें राष्ट्रीय रेलवे सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देंगे।
अब देखना यह है कि झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी किस तरह की रणनीति तैयार करती है।