
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। जानकारी के अनुसार- पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और व्यस्तता के कारण अरविंद केजरीवाल हेमंत के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी जगह आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद संजय सिंह समारोह में शामिल होंगे।
बता दें, इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में भी सीएम अरविंद केजरीवाल शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, शिवसेना ने उन्हें न्योता भेजा था।
समारोह में शामिल होंगे कई वरिष्ठ नेता
दरअसल, झारखंड में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अुगावाई में नई सरकार का गठन हो रहा है। दोपहर दो बजे से शपथग्रहण समारोह शुरू होने की संभावना है। हेमंत सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। समारोह में कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। समारोह के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
प्रणब मुखर्जी भी हो सकते हैं शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार- शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सहित राजनीतिक, सामाजिक और उद्योग जगत की बड़ी हस्तियां भी शामिल होंगी। करीब पांच हजार वीवीआईपी के अलावा आम लोगों के लिए बैठने की अलग से व्यवस्था की गई है। संभावित भीड़ को देखते हुए शहर के ट्रैफिक में भी बदलाव किया जा चुका है।