
नई दिल्ली। केरल के मुख्यमंत्री पीनरई विजयन ने भाजपा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पर इराक के मोसुल में आईएसआईएस द्वारा मारे गये 39 भारतीयों के बारे में तथ्यों को देश से छुपाने का आरोप लगाया है।
केरल विधानसभा में इस मामले में एक बयान देते हुए उन्होंने कहा कि जब भी संसद में इराक में फंसे भारतीयों का मामला सामने आया, तब केंद्र सरकार लगातार तथ्यों को छुपाने का काम करती रही। यह बहुत हीं दुर्भाग्यपूर्ण है, और यह सब सरकार के असंवेदनशील कार्यवाई की वजह से हुआ है। बता दें कि केरल विधानसभा में एक स्वर में सभी सदस्यों ने इराक में भारतीयों की हत्या की निंदा की। इस दौरान सदन ने मारे गये परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी प्रकट की।
2014 में किया गया था अपहरण
आपको बता दें कि 2014 में इराक के मोसुल में आईएसआईएस द्वारा 39 भारतीयों का अपहरण कर लिया गया था और उनकी हत्या कर दफन कर दिया गया था।
गौरतलब है कि मंगलवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में इराक में 39 भारतीयों की मौत पर बयान दिया था। सुषमा ने इसके पीछे आतंकी संगठन आईएसआईएस का हाथ बताया है। बता दें कि जून 2014 में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के मोसुल शहर पर कब्जा करने के बाद से 39 भारतीय शहर से लापता हो गए थे। केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने इस संबंध में जुलाई में इराक की यात्रा की थी।
परिजनों को डीएनए टेस्ट के बाद दी गई सूचना
विदेश मंत्री ने बताया कि 27 जुलाई को राज्यसभा में मैंने यह बात कही थी कि जब तक मेरे हाथ कोई मजबूत सबूत नहीं लगता, मैं उनकी मौत की घोषणा नहीं करूंगी। उन्होंने जानकारी देते बताया कि मरने वाले लोगों के शवों को बगदाद लाकर उनके डीएनए टेस्ट किए और पुष्टि होने पर इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई।
इराक गए थे विदेश राज्य मंत्री बता दें कि सरकार के इराक में तीन वर्ष पहले लापता 39 भारतीयों के परिजनों से डीएनए नमूना मांगने के बाद विदेश राज्य मंत्री वी.के सिंह दोबारा इस मामले में नई जानकारी (अपडेट) के लिए इराक गए थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार सिंह का दौरा 'लोगों से बातचीत करने के लिए' था। वह इराक में कई तरह के लोगों से मिले थे और वहां लापता 39 भारतीयों के बारे में जानकारी इकट्ठी की थी। लापता भारतीय के रिश्तेदार ने कहा था कि लापता 39 भारतीय के परिजनों से डीएनए नमूना मांगा गया था लेकिन इसका कोई कारण नहीं बताया गया।