
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक एचएस फुल्का के आर्मी चीफ बिपिन रावत पर दिए विवादित बयान पर सियासी घमासान मच गया है। उनके बयान की आलोचना हो रही है। आप नेता जहां फुल्का के समर्थन में उतर आए हैं, वहीं कांग्रेस विधायक ने उनके बयान पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
बता दें कि पंजाब के नेता प्रतिपक्ष एचएसए फुल्का ने कहा था कि सोमवार को आर्मी चीफ बिपिन रावत पंजाब आए थे और आतंकी हमलों पर बयान दिया था। जिसके बाद आतंकियों ने यह हमला किया है। हो सकता है कि अपने बयान को सही साबित करने के लिए इस हमले के पीछ वो हों।
समर्थन में उतरे संजय सिंह
एचएस फुल्का के बचाव में आई आम आदमी पार्टी का कहना है कि एचएस फुल्का के बिना पहले सोचे बयान पर उनको निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि एचएस फुल्का ने अपने बयान पर खेद जाता है, उन्हें एक बिना सोचे समझे की गई टिप्पणी के आधार पर बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। वह पिछले 35 वर्षों से 84 दंगों के पीड़ितों के लिए न्याय दिलाने के लिए लड़ रहे हैं, उन्हें इसका श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्हें इस तरह से टारगेट नहीं किया जाना चाहिए।
फुल्का के बयान पर दर्ज होगी FIR!
फुल्का के बयान पर एफआईआर भी हो सकती है। कांग्रेस विधायक व पंजाब कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ.राजकुमार वेरका ने कहा, “किसके निर्देश पर आप नेता एचएस फुलका इस तरह के बयान दे रहे हैं? क्या दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल इसका जवाब देंगे? क्या वह उनके बयान से सहमत हैं? कोई भी सेना के लिए इस तरह के शब्द बर्दाश्त नहीं कर सकता है, हम फुल्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेंगे।
फुल्का की सफाई
एच एस फुल्का के बयान की चौतरफा निंदा हो रही है। बयान पर बवाल के बाद एच एस फुल्का ने सफाई भी दी। उनका कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि मेरा बयान कांग्रेस के खिलाफ था, ना कि सेना प्रमुख के खिलाफ।