चुनाव आयोग (Election Commission) ने अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा पर की कार्रवाई दोनों को भाजपा के स्टार प्रचारकों (BJP Star Campaigner) की लिस्ट से बाहर करने का आदेश
नई दिल्ली। जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा चुनाव ( Delhi Assembly Elections ) की तारीख नजदीक आती जा रही है, राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच भाषणबाजी और भड़काऊ बयानबाजी का सिलसिला भी चल निकला है।
आलम यह है कि नेताओं की जुबान पर अंकुश लगाने के लिए अब चुनाव आयोग को बीच में कूदना पड़ा है। ताजा मामला मोदी सरकार में मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) और भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) से जुड़ा है।
चुनाव आयोग (Election Commission) ने दोनों ही नेताओं पर कार्रवाई की है।
इसके साथ ही इनको दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election 2020) के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों (BJP Star Campaigner) की लिस्ट से बाहर करने का भी आदेश दिया है।
आपको बता दें कि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तुलना आतंकियों और नक्सलियों से की थी।
राजधानी स्थित मादीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि केजरीवाल जैसे नटवरलाल और आतंकवादी देश में छुपे बैठे हैं।
प्रवेश वर्मा यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि हम यह सोचने को मजबूर हैं कि कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकवादियों से मुकाबला करे या फिर केजरीवाल जैसे आतंकवादियों से पार पाएं।
वहीं, दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी विवादित बयान दिया था। उनकी एक रैली में ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो....’ के नारे लगे थे।