
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने गुजरात दौरे के दौरान अपनी वयोवृद्ध मां हीराबा से मिले। मां से मिलने के लिए पीएम मोदी गांधीनगर के पास रायसेना गांव पहुंचे। पीएम अहमदाबाद एयरपोर्ट जाने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले इस गांव में पहुंचे और मां से मुलाकात की। पीएम मोदी के भाई पंकज मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सुबह यहां आए और करीब 30 मिनट तक अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहे। इसके बाद पीएम फिर अहमदाबाद एयरपोर्ट के लिए निकल गए। आपको बता दें कि पीएम की मां हीराबा अपने छोटे भाई पंकज मोदी के साथ इस गांव में रहती हैं।
मां से आशीर्वाद लेने के लिए गुजरात गए थे मोदी
दरअसल, पीएम मोदी 17 जनवरी से अपनी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर थे। आपको बता दें कि पीएम मोदी समय—समय पर अपनी मां हीराबा से मिलने गुजरात जाते रहते हैं। पीएम की मां हीराबा का जिक्र राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार उस समय आया जब 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में मोदी को भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनाया गया। चुनाव के बाद भाजपा को मिले भारी बहूमत के बाद मोदी अपनी मां से आशीर्वाद लेने के लिए गुजरात गए थे।
जन्मदिन मां हीराबा के साथ अपने घर पर ही मनाते हैं
इसके साथ ही अक्सर देखने में आया है कि पीएम मोदी अपना जन्मदिन मां हीराबा के साथ अपने घर पर ही मनाते हैं। हालांकि जब कभी भी वह जन्मदिन मां के साथ नहीं मना सके तो बाद में आशीर्वाद लेने घर पहुंचे।