हिमचाल प्रदेश में दल बदल का खेल लगातार जारी है। पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए बीजेपी ने कई नेताओं को अपने साथ जोड़ लिया तो वहीं अब आम आदमी पार्टी ने भी भाजपा को करारा जवाब दिया है। हिमाचल प्रदेश के कई बीजेपी नेताओं बुधवार को आप का दामन थाम लिया। आप नेता सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में इन नेताओं ने आप जॉइन की।
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ही नेताओं के दबल बदल का खेल शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के कई नेता अब तक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। यही वह है कि राजनीतिक दलों में खलबली मची हुई है। इस बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस तरह पार्टी छोड़ने के बीच आम आदमी पार्टी ने भी बीजेपी को करारा जवाब दिया है। बुधवार को हिमाचल प्रदेश के कई बीजेपी नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। दिल्ली स्थिति आप मुख्यालय में पार्टी के दिग्गज नेता और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य (SC विंग) एवं पूर्व उपाध्यक्ष SC मोर्चा व 30 साल से अधिक उच्च पद पर रहे कार्यकर्ता हरमल धीमान ने आम आदमी पार्टी जॉइन की।
सत्येंद्र जैन ने बकायदा प्रेस वार्ता के जरिए ये जानकारी दी कि, हरमल धीमान बीते कई वर्षों से बीजेपी के साथ जुड़े तो थे, लेकिन पार्टी की नीतियों में आ रहे बदलाव अब उन्हें रास नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि धीमान ने बीजेपी से त्रस्त होकर पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है।
यह भी पढ़ें - हिमाचल प्रदेश में AAP की तिरंगा यात्रा, केजरीवाल बोले- पंजाब की तरह बदलाव की ओर देख रहा हिमाचल
आप नेता सत्येंद्र जैन ने बताया कि हरमल धीमान ने जहां दिल्ली में आप का दामन थामा है, वहीं बाकी अन्य नेता हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेंगे।
केजरीवाल के दौरे के बाद पार्टी को बड़े झटके
दरअसल बीते हफ्ते ही आम आदमी पार्टी ने मिशन हिमाचल प्रदेश की शुरुआत की थी। इस कड़ी में पार्टी संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंडी में रैली कर पार्टी को जीतने की अपील की थी। इस दौरे में उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद थे।
हालांकि केजरीवाल के दौरे के बाद से ही आप नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। कई नेताओं ने बीजेपी जॉइन भी कर ली।
इन नेताओं ने छोड़ी आप
AAP की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अनूप केसरी, महासचिव (संगठन) सतीश ठाकुर और ऊना जिला प्रमुख इकबाल सिंह राष्ट्रीय राजधानी में बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके एक दिन बाद आम आदमी पार्टी की महिला इकाई की अध्यक्ष ममता ठाकुर भी पांच पदाधिकारियों के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया।
AAP ने भंग की वर्किंग कमिटी
एक के बाद एक कर पार्टी नेताओं के छोड़कर जाने से आम आदमी पार्टी भी सकते में आ गई। सोमवार को राज्य की कार्य समिति को भंग कर दिया। आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने पार्टी के फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश में जल्द ही नई कार्यसमिति का गठन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें - BJP के लिए विधानसभा से पहले शिमला नगर निगम चुनाव क्यों हुआ महत्वपूर्ण?