राजनीति

कर्नाटक चुनाव से पहले भाजपा विधायक विजयकुमार का निधन, जयानगर से लड़ रहे थे चुनाव

Karnataka Election 2018: चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार शाम 59 वर्षीय विजयकुमार अचानक गिर गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया |

2 min read
B N Vijaykumar

बेंगलुरु। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के विधायक बीएन विजयकुमार का निधन हो गया है। वे कर्नाटक की जयानगर सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। इस बार भी वो जयानगर से पार्टी के उम्मीदवार थे। विधायक विजयकुमार की मौत पार्टी के लिए झटका भी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार शाम 59 वर्षीय विजयकुमार अचानक गिर गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात उनकी मृत्य हो गई।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 12 मई को होंगे। 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव एक ही चरण में होंगे। जयानगर से एक उम्मीदवार की मृत्य होने के बाद यहां बाद में चुनाव होंगे।

भाजपा के लिए बड़ा झटका

बीएन विजयकुमार कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक थे। उनका निधन पार्टी के लिए एक झटका माना जा रहा है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बीएन विजय कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'कार्डिएक अरेस्ट से बीएन विजयकुमार की अचानक मृत्यु से हैरान हूं। वो एक अच्छे राजनेता थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'

इस बार भी पार्टी ने दिया था टिकट

जयानगर विधानसभा सीट से दो बार के विधायक रहे बीएन विजयकुमार पर एक बार फिर पार्टी ने भरोसा जताया था और उन्हें टिकट दिया था। गुरुवार को भी विजयकुमार अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वो गिर गए। गिरने के थोड़ी देर बाद उनकी तबियत बिगड़ गई। जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी में डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा। देर रात करीब 1 बजे उनका निधन हो गया।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएन विजय कुमार की मौत पर दुख जाहिर किया है। कर्नाटक की महिला कार्यकर्ताओं से नमो ऐप के जरिए संबोधित करते वक़्त उन्होंने भाजपा उम्मीदवार की मौत पर संवेदना व्यक्त की। कर्नाटक राज्य भाजपा के नेताओं ने भी उनकी मृत्य पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Updated on:
04 May 2018 10:05 am
Published on:
04 May 2018 05:53 pm