राजनीति

कुमारस्वामी के शपथग्रहण में शामिल होंगे केजरीवाल, संजय सिंह ने इसे तीसरे मोर्चे के लिए बताया जरुरी

आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए यह समय की मांग है कि सभी पार्टियों को एकसाथ आना पड़ेगा।
2 min read
May 22, 2018
आप नेता संजय सिंह
कुमारस्वामी के शपथग्रहण में शामिल होंगे केजरीवाल, संजय सिंह ने इसे तीसरे मोर्चे के लिए बताया जरुरी

नई दिल्ली। कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री के तौर पर बुधवार को एचडी कुमारस्वामी शपथ लेगें जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथग्रहण समारोह के साक्षी होगें। एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को दिल्ली आगमन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और उन्हें शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। राजनीतिक गलियारों में अब एक बार फिर से तीसरे मोर्चे की आहट सुनाई देने लगी है। आप नेता संजय सिंह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी दलों के प्रमुख का एचडी कुमार स्वामी के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने और तीसरे मोर्चे की कोशिशों को समय की मांग बता रहे हैं।

‘लोकतंत्र को बचाना हमसब का कर्तव्य है’

आपको बता दें कि आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए यह समय की मांग है कि सभी पार्टियों को एकसाथ आना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज संविधान खतरे में है और हमसब का कर्तव्य है कि उसे बचाएं। बता दें कि संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में ऐसा माहौल बन गया है कि भाजपा किसी दूसरे को सरकार चलाने देना नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमें रोका जाता है, बंगाल में सरकार चलने नहीं देना चाहती है। संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है। भाजपा सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त करती है। उन्होने कहा कि एचडी कुमार स्वामी के शपथग्रहण में यदि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जा रहे हैं तो यह 2019 के लिए एक शुभ संकेत हैं। सभी विपक्षी दल समय रहते एकजुट हो रहे हैं।

‘भाजपा खरीद-फरोख्त की राजनीति करती है’

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा से जोड़-तोड़ की राजनीति करती आ रही है। उन्होंने कहा कि यदि कर्नाटक में सुप्रीम कोर्ट का दखल नहीं होता तो भाजपा यहां पर भी विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार बना लेती। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक से पहले मेघालय, मणिपुर, गोवा और अन्य जगह जहां कांग्रसे की सरकार सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई तब भी भाजपा ने जोड़-तोड़ कर सरकार बना ली। लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को 2019 के आम चुनाव में रोकना है तो सभी विपक्षी दलों को एक साथ एक मंच पर आना होगा।

Published on:
22 May 2018 07:00 am