
नई दिल्ली। अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले उत्तराखंड (Uttarakhand) के खानपुर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन (Kunwar Pranav Singh Champion) ने एक फिर विवादित बयान दिया है। कुंवर प्रणव सिंह ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) को लेकर विवादित टिप्पणी की है।
भाजपा विधायक के बिगड़े बोल
जानकारी के मुताबिक, भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद सिंह रावत को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने जवाहर लाल नेहरू को चरित्रहीन बताया था। साथ ही उन्होंने लिखा कि महात्मा गांधी 'राष्ट्रपिता' कहे जाने के हकदार नहीं हैं। उसी पत्र को विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया में बंटवाया है। विधायक चैंपियन का आरोप है कि पंडित नेहरू ने हिन्दू धर्म का मजाक बनाया और घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन के लिए वही जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि नेहरू के कारण ही भारत 1962 में चीन के खिलाफ युद्ध हार गया था। उन्होंने कहा कि कश्मीर की समस्या और अनुच्छेद-370 के लिए नेहरू ही जिम्मेदार हैं।
'पटेल और बोस' से जलते थे गांधी- भाजपा विधायक
नैनीताल में मीडिया से बात करते हुए चैंपियन ने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी सरदार पटेल और नेता सुभाष चंद्र बोस से जलते थे। गांधी ने लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रच कर उपयुक्त लोगों से सत्ता छीन कर गलत लोगों के हाथों में सौंप दी। लिहाजा, वो 'राष्ट्रपिता' कहलाने के हकदार नहीं है। गौरतलब है कि भाजपा विधायक इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं।