शिवसेना विधायक हर्षवर्धन के अनुसार उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ को अपना इस्तीफा मेल कर दिया है।
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में चल रहे मराठा आंदोलन के बीच शिवसेना के एक विधायक ने इस्तीफा देने की पेशकश की है। मराठा आरक्षण के समर्थन में उतरे शिवसेना विधायक हर्षवर्धन जाधव ने कहा कि उन्होंने पहले ही यह घोषणा कर दी थी कि अगर मराठा समुदाय की मांगों को नहीं माना गया तो वह इस्तीफा दे देंगे। आपको बता दें कि हर्षवर्धन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे के दामाद हैं और कन्नड विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हर्षवर्धन ने महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े को पत्र लिखकर आज इस्तीफा देने की पेशकश कही है। राज्य में शिवसेना के 63 विधायक हैं।
इस्तीफा कर दिया मेल
हर्षवर्धन के अनुसार उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ को अपना इस्तीफा मेल कर दिया है। जबकि गुरुवार को वह मुंबई में वह व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनको इस्तीफा सौंपेंगे। दरअसल, मराठा संगठनों द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर बुलाए गए महाराष्ट्र बंद के दूसरे चरण में राज्य में मुंबई व तटवर्ती जिलों में मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। बुधवार को हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं। मराठा कार्यकर्ताओं के बड़े समूह सुबह से भागवा झंडे व बैनरों से लैस दिखाई दिए और सड़कों पर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान मुंबई व दूसरे जिलों- पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरि व सिधुदुर्ग में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
रेलवे प्रणाली को रोकने का प्रयास
मुंबई के कई हिस्सों में सड़कों को अवरुद्ध कर दिया गया। ठाणे में उपनगरीय रेलवे प्रणाली को रोकने का प्रयास किया गया था। नवी मुंबई में शहर की परिवहन बसों पर पत्थर फेंके गए और प्रदर्शनकारियों ने निजी यातायात के वाहनों को भी रोका। परिवहन निगम की एक बस में आग लगा दी गई। ज्यादातर दुकानें व वाणिज्यिक प्रतिष्ठान महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बंद रहे।