समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश की राजनीति के भीष्म पितामह मुलायम सिंह यादव ने दुनिया को अलविदा कह दिया। मुलायम सिंह यादव अपनी राजनीतिक विरासत के साथ ही करोड़ों संपत्ति और कर्ज छोड़ गए हैं।
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मुलायम सिंह यादव स्वास्थ्य कारणों के चलते बीते कई दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। उन्हें यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ थी। जिसकी वजह से मुलायम सिंह यादव को 2 अक्टूबर को अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। सपा चीफ मुलायम सिंह अपने पीछे अपने परिवार के लिए एक बड़ी राजनीतिक विरासत छोड़ गए। यही नहीं इसके साथ ही वे करोड़ों की संपत्ति और बेटे से लिया एक कर्ज भी छोड़ गए हैं।
मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे में अपनी संपत्ति (Net Worth) के बारे में जानकारी दी थी।
इस हलफनामे के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव अपने पीछे करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए हैं। उनकी संपत्ति की बात करें तो उनकी कुल नेटवर्थ (Mulayam Singh NetWorth) 16 करोड़ 52 लाख 44 हजार 300 रुपए थी।
यह भी पढ़ें - सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का निधन, UP में तीन दिन का राजकीय शोक
अपनी इस अचल संपत्ति का खुलासा करने के साथ ही उन्होंने जो जानकारी मुहैया कराई थी, उसके मुताबिक मुलायम सिंह और उनकी पत्नी साधना यादव की सालाना कमाई 32.02 लाख रुपए थी।
बीते लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव के पास खुद की कोई कार मौजूद नहीं थी।
करोड़ों की संपत्ति मौजूद होने के बाद भी उनके ऊपर 2,13,80,000 रुपए का कर्ज था। खास बात ये है कि, मुलायम सिंह यादव ने ये कर्ज अपने बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लिया था। हालांकि सपा चीफ ने ये कर्ज क्यों लिया इसका कारण स्पष्ट नहीं किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुलायम सिंह की यादव की संपत्ति में बड़ा नुकसान भी सामने आया। उनकी संपत्ति में पांच साल के अंदर करीब 3 करोड़ रुपए की गिरावट दर्ज की गई थी।
दरअसल वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनावों के दौरान मुलायम सिंह यादव की ओर से दाखिल हलफनामे में उनकी नेटवर्थ 19,72,59,817 रुपए थी, जो अगले आम चुनाव तक 16.52 करोड़ रुपए रह गई।
यह भी पढ़ें - जब प्रधानमंत्री बनते बनते रह गए थे मुलायम सिंह यादव, जानिए क्या था कारण