
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में मराठा आंदोलन को लेकर आए केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी के बयान पर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गडकरी के बयान पर बिल्कुल सही करार दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर गडकरी के बयान को सही ठहराते हुए कहा कि उन्होंने एकदम सही सवाल किया है। देश में वाकई नौकरियां है ही कहां? हर भारतीय नागरिक का सरकार से यही सवाल है कि नौकरियां कहां हैं? आपको बता दें कि दो दिन पूर्व मराठा आरक्षण पर बोलते नितिन गडकरी ने कहा था कि देश में नौकरियां हैं कहां? और जब नौकरियां नहीं हैं तो आरक्षण का लाभ भी क्या होगा।
वहीं, केंद्रीय मंत्री गडकरी के इस बयान को लेकर भाजपा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मोदी सरकार में मंत्री नितिन गडकरी का कहना था कि चूंकि नौकरियां घट रही हैं, इसलिए आरक्षण रोजगार की गारंटी नहीं है। गडकरी के इस बयान ने पहले से मराठा आंदोलन की तपिश में सुलग रहे महाराष्ट्र को झुलसाने का काम किया है। दरअसल, गडकरी का यह बयान औरंगाबाद में आरक्षण को लेकर मराठा समुदाय के आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आया था। सवाल का जवाब देते हुए गडकरी ने कहा था कि अगर उनकी मांग मान भी ली जाए तो नौकरियां नहीं हैं। ऐसे में आरक्षण का क्या लाभ!
विपक्ष द्वारा बयान को लेकर दिए गए तूल पर गडकरी ने रविवार को ही सफाई भी पेश की थी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मुझे जानकारी मिली है कि मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। इसलिए मैं बताना चाहता हूं कि आरक्षण में बदलाव को लेकर सरकार की कोई योजना नहीं है।