मंदसौर में गैंगरेप पीड़िता जिंदगी की जंग लड़ रही है। बच्ची की सेहत के लिए प्रार्थना जारी है।
नई दिल्ली: मंदसौर रेप मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि बच्ची से रेप की खबर सुनकर मन व्यथित है। पीड़िता के न्याय के लिए आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों को बचाने के लिए सबका साथ जरूरी है। इससे पहले कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंदौर पहुंचकर पीड़ित के परिजनों से मुलाकात की । कांग्रेस ने इस पूरे मामले को सीबीआई जांच की मांग की। गौरतलब है कि मंदसौर में नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी की गई। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची का इंदौर के एमवाई अस्पताल में इलाज जारी है। बच्ची को अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है।
सीएम ने परिजनों को दिया भरोसा
बच्ची अभी भी जिंदगी और मौत से लड़ रही है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मासूमों के साथ दुष्कर्म करने वाले दरिन्दे धरती पर बोझ है। इन्हें जिंदा रहने का हक नहीं है। इन दरिंदों को फांसी की सजा दिलाने में राज्य सरकार कोई कोताही नहीं बरतेगी।
बच्ची के लिए दुआ प्रार्थना शुरू
वहीं मंदसौर के सांसद सुधीर गुप्ता ने अस्पताल जाकर बच्ची के परिजनों से मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। इतना ही नहीं सांसद ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पत्र भी लिखा। सांसद के साथ विधायक उषा ठाकुर व सुदरर्शन गुप्ता सहित अन्य नेता भी मौजूद थे। जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची के लिए दुआओं का दौर भी जारी है। पूजा पाठ और हवन का काम जारी है। मंदिरों में पूजा-अर्चना की जा रही है। पीड़िता को न्याया दिलाने के लिए लोग सड़कों पर उतरे हुए हैं। सभी लोग आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।