
सोशल मीडिया डे के बहाने कांग्रेस ने साधा पीएम मोदी पर निशाना, जारी किया ये वीडियो
नई दिल्ली। जून महीने की आखिरी तारीख यानी 30 जून को सोशल मीडिया डे के रूप में मनाया जाता है। सोशल मीडिया से जहां लोग अपने जानने वालों से सीधा संपर्क स्थापित कर पाते हैं वहीं सोशल मीडिया ने आम आदमी को एक मंच दिया है जिससे वे कानून, व्यवस्था, सत्ता और सत्ताधारियों के बारे में राय साझा कर सकते हैं। बता दें कि सोशल मीडिया दिवस मनाने की शुरुआत 2010 से हुई थी।
विरोधाभासी दृष्टिकोण के चलते ट्रोल का शिकार
जहां इसके कई फायदें हैं वहीं ये भी देखा गया है कि कई लोग इसका गलत फायदा भी उठाते हैं। देखा जाता है कि विभिन्न राजनीतिक रंगों के ट्रोल ट्विटर और फेसबुक जैसे प्लेटफार्मों पर हावी हैं, जिस कारण लोग, खासकर के महिलाएं जिनका किसी मुद्दे पर विरोधाभासी दृष्टिकोण होता है, उनके साथ अधिकतर दुर्व्यवहार किया जाता है और ट्विटर पर कई तरह की बेबुनियाद और अमानवीय धमकियां दी जाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ट्विटर फॉलोवर्स की सूची पर सवाल
ट्रोलर्स की बात करें तो कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ट्विटर फॉलोवर्स की सूची पर सवाल उठाए जाते हैं। दरअसल इसमें कई ऐसे लोगों का नाम है, जिन्होंने रेप जैसे मामलों पर अभद्र टिप्पणियां की हैं, या संगीन मुद्दों पर बड़-बोले और अस्वीकार्य बयान दिए हैं। मोदी के कई फॉलोवर्स महिलाओं को दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के बाद एक ऐसा व्यक्ति अपनी हेट ट्वीट के लिए सुर्खियों में था।
कांग्रेस का सोशल मीडिया दिवस पर वीडियो
अब आज सोशल मीडिया दिवस के उपलक्ष्य में कांग्रेस ने एक वीडियो जारी करके पीएम मोदी से ऐसे मामले में बोलने और ऐसे लोगों को तुरंत अनफॉलो कर उनपर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। कांग्रेस पार्टी द्वारा ट्वीट किए गए इस वीडियो में अलग-अलग महिलाएं गाने का सहारा लेते हुए अपने ट्वीटर ट्रोल के अपने अनुभवों का वर्णन कर रही हैं और सोशल मीडिया दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री से ट्रोल के मामले के लिए कार्रवाई करने की अपील करती नजर आ रही हैं। देखें वीडियो...
Published on:
30 Jun 2018 03:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
