Rahul Gandhi का मोदी सरकार पर हमला, CMII की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा- अगस्त महीने में 15 लाख से ज्यादा लोग बेरोजगार हो गए
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। आए दिन वे किसी ना किसी मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार ( Modi Government ) को घेरते हैं। एक बार फिर इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए कहा है कि, मोदी सरकार रोजगार ( Employment ) के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की नौकरियां छीनने में लगी है।
उन्होंने ‘सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी’ ( CMII ) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा- 'मोदी सरकार रोजगार के लिए हानिकारक है। वे किसी भी तरह के ‘मित्रहीन’ व्यवसाय या रोजगार को बढ़ावा या सहारा नहीं देते बल्कि जिनके पास नौकरी है उसे भी छीनने में लगे हैं। देशवासियों से आत्मनिर्भरता का ढोंग अपेक्षित है। जनहित में जारी।'
15 लाख से ज्यादा लोग बेरोजगार हो गए
बता दें कि CMII की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि अगस्त महीने में औपचारिक और अनौपचारिक दोनों क्षेत्रों से करीब 15 लाख से अधिक लोग बेरोजगार हो गए हैं।
इससे पहले राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर भी मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया था। गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा था कि, मोदी सरकार के लिए जीडीपी बढ़ने का मतलब गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों में वृद्धि है।
राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी जी कहते रहते हैं कि जीडीपी बढ़ रही है, वित्त मंत्री का कहना है कि जीडीपी ऊपर की ओर प्रोजेक्शन दिखा रही है। तब मुझे समझ में आया कि जीडीपी से इसका क्या मतलब है। इसका मतलब है ‘गैस-डीजल-पेट्रोल’. उन्हें यह भ्रम है।'
वहीं अपने करेल दौरे पर भी राहुल गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला था। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था का प्रबंधन ठीक से ना करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि देश 'चौराहे' पर खड़ा है। देश के बड़े विपक्षी राजनीतिक दल के नाते कांग्रेस का ऐसी ताकतों से मुकाबला करने का नैतिक दायित्व है, जो भारत के मूल विचार पर खतरा पैदा करती है।