राजनीति

हिंदी में भाषण देने पर फडणवीस पर भड़के राज ठाकरे, कहा- दिल्ली हाई कमान को खुश कर रहे मुख्यमंत्री!

Raj Thackeray on Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हिंदी भाषण पर राज ठाकरे ने कड़ा हमला बोला। मिसिंग लिंक परियोजना और हिंदी में भाषण को लेकर मनसे प्रमुख ने सरकार पर कई सवाल उठाए।
2 min read
Jul 09, 2026
Devendra Fadnavis and Raj Thackeray
देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे (Photo: IANS)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मुंबई-पुणे 'मिसिंग लिंक' परियोजना पर दिए गए बयान को लेकर अब राजनीतिक विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री के हिंदी में जवाब देने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा में विधायक मराठी भाषी हैं और यह महाराष्ट्र की विधानसभा है, तो मुख्यमंत्री ने हिंदी में भाषण किसके लिए दिया। राज ठाकरे ने कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि यह संदेश वह अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना चाहते थे।

ठाकरे ने पूछा- सामने मराठी विधायक, फिर हिंदी में भाषण क्यों?

गुरुवार को मनसे की रेलवे कामगार सेना के स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए राज ठाकरे ने कहा, "मुख्यमंत्री का भाषण खत्म होते ही वे हिंदी में बोलने लगे। मिसिंग लिंक के बारे में... आखिर हिंदी किसके लिए बोली गई? महाराष्ट्र की विधानसभा में मुख्यमंत्री हिंदी में क्यों बोल रहे थे?" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद यह बात वह दिल्ली में बैठे पार्टी आलाकमान तक पहुंचाना चाहते हो।

राज ठाकरे ने सीएम फडणवीस के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने 'मिसिंग लिंक' परियोजना को लेकर राजनीति नहीं करने की नसीहत दी थी। ठाकरे ने कहा कि जब विपक्ष में थे, तब भाजपा भी हर मुद्दे पर आंदोलन करती थी और सरकार को घेरती थी। अब सत्ता में आने के बाद सवाल पूछे जाने पर उसे राजनीति बताना सही नहीं है। उन्होंने कहा, "जब बात खुद पर आती है तो उसे राजनीति कह दिया जाता है। आखिर इतने वर्षों तक आप क्या करते रहे? ऐसा दोगलापन कैसे चलेगा?"

बुधवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई-पुणे 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट को लेकर सरकार को ट्रोल करने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा था, परियोजना को लेकर झूठी जानकारी फैलाई जा रही है। महाराष्ट्र का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम फडणवीस की मिमिक्री की

इस दौरान राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नकल करते हुए उनके बयान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि लोग मिसिंग लिंक परियोजना पर सवाल उठा रहे हैं, महाराष्ट्र का अपमान नहीं कर रहे। उन्होंने पूछा कि लोग मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट में आई खामियों और लैंडस्लाइड पर सवाल उठा रहे हैं, इसमें महाराष्ट्र का अपमान कहां से आ गया? किसी सरकारी परियोजना पर सवाल उठाने को राज्य या देश का अपमान कैसे माना जा सकता है। राज ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।

Updated on:
09 Jul 2026 06:51 pm
Published on:
09 Jul 2026 05:54 pm