
नई दिल्ली। आगामी चुनावों को देखते हुए आरोप-प्रत्यारोप का दौर तो चली रहा है साथ ही निजी हमले भी हो रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि पीएम मोदी अस्वीकार्य और गलत भाषा का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी हार को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अपात्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
क्या कहा था पीएम मोदी ने?
रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें पीएम मोदी ने शनिवार को कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान पर हमला बोला था। बता दें कि राज बब्बर ने मोदी का नाम लिए बगैर कहा था कि रुपया नीचे गिर रहा है और डॉलर के रेट उनकी मां के उम्र के समान बढ़ रहे हैं। इस बयान को पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश में इमोशनल कार्ड की तरह खेला है। उन्होंने छतरपुर जिले की सार्वजनिक सभा में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मुझसे मुकाबले की ताकत नहीं है इसलिए वह मेरी मां को गाली दे रही है। मोदी ने कहा, "वे पिछले 18 सालों से कांग्रेस को चुनौती देते आ रहे हैं लेकिन मुझसे भिड़ने के बजाए मेरी मां को गाली दी जा रही है। मां को बदनाम कर रहे हैं। जिस मां को राजनीति का 'रा' नहीं मालूम उसके बावजूद मां को राजनीति में घसीटा जा रहा है।" प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में भी टिप्पणी की। पीएम ने कहा, "ये कोई रिमोट कंट्रोल वाली सरकार नहीं है कि कोई मैडम रिमोट से सरकार चलाएं ये तो सवा सौ करोड़ लोगों की सरकार है।