प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ डॉ. मोहित मसार हत्याकांड: शराब पार्टी के बाद कुएं में मिला अर्धनग्न शव, जानें उस खौफनाक रात की इनसाइड स्टोरी

प्रतापगढ़ जिले की पीपलखूंट पुलिस ने डॉक्टर मोहित मसार हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद आरोपियों ने डॉ. मोहित की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
3 min read
Doctor Mohit Masar Murder Case
Doctor Mohit Masar Murder Case (Patrika Photo)

Doctor Mohit Masar Murder Case: प्रतापगढ़ जिले में पुलिस थाना पीपलखूंट ने बहुचर्चित ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए डॉक्टर मोहित मसार की हत्या कर शव कुएं में फेंकने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि 15 अप्रैल को बोरी पी गांव में डॉ. सेवालाल के विवाह कार्यक्रम के अवसर पर उनके घर प्रीतिभोज एवं नोत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में रिश्तेदारों, दोस्तों और गांव के लोगों के साथ डॉ. मोहित पुत्र कान सिंह मसार निवासी मछारसात थाना कसारवाड़ी जिला बांसवाड़ा भी शामिल हुआ था।

कार्यक्रम में से ही हो गया लापता

प्रीतिभोज कार्यक्रम के बाद डॉक्टर मोहित लापता हो गया। इस पर 18 अप्रैल को कल सिंह पुत्र दल सिंह मछार निवासी मछारसात थाना कसारवाड़ी जिला बांसवाड़ा ने पीपलखूंट थाने में रिपोर्ट दी थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

कुएं में मिला अर्धनग्न शव

वहीं, पुलिस को 19 अप्रैल को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि बोरी पी निवासी दिनेश के कुएं में एक अर्धनग्न युवक का शव पानी दिखा है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। वहीं, कल सिंह को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान डॉ. मोहित मछार के रूप में की।

ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। परिजनों की लिखित सहमति के बाद शव को निजी वाहन से जिला अस्पताल बांसवाड़ा ले जाया गया। जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

कुएं में मिले पर्स औैर मोबाइल

वहीं, परिजनों के साथ 20 अप्रैल को पुलिस दोबारा घटनास्थल पहुंची और कुएं का पानी खाली कराया गया। इस दौरान मृतक का लोअर, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें सबूत के तौर पर जब्त किया गया।

साइबर सेल और पूछताछ से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने नोत कार्यक्रम में देर रात तक मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा संदिग्धों पर निगरानी रखी। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी नितेश और कैलाश भी शादी समारोह में मौजूद थे।

वहां चल रही शराब पार्टी के दौरान मृतक डॉ. मोहित मसार और आरोपी नितेश के बीच गाली-गलौज हुई थी। बाद में जब डॉ. मोहित दोबारा मन्सुख के घर की तरफ आए तो बाड़ कूदने की बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।

खेत में पीछा कर की मारपीट, फिर शव कुएं में फेंका

जांच में सामने आया कि आरोपी नितेश ने मृतक को रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन डॉ. मोहित वहां से भागने लगे और रास्ते में लगी बाड़ कूदकर मन्सुख के खेत की तरफ चले गए। पीछा करते हुए आरोपी भी वहां पहुंचे।

खेत की मेड़ पर लगी लोहे की जालीदार बाड़ में उलझकर डॉ. मोहित मसार गिर पड़े, जिससे उनका लोअर फंसकर फट गया। इसी दौरान दोनों आरोपी उनके पास पहुंचे और नितेश ने उनका पैर पकड़कर पीछे खींच लिया।

इसके बाद दोनों ने उन्हें एक छोटे बरसाती नाले में गिराकर मारपीट की। पुलिस के अनुसार इसी मारपीट के दौरान डॉ. मोहित की मौत हो गई। घटना छिपाने के लिए दोनों आरोपियों ने शव को पास ही स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं में डाल दिया।

पुलिस ने आरोपी नितेश पुत्र देवेंद्र उर्फ देवचंद मीणा निवासी बोरी पी थाना पीपलखूंट तथा कैलाश पुत्र अशोक डामोर निवासी बोरी पी थाना पीपलखूंट को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड प्राप्त किया है तथा मामले में गहन अनुसंधान जारी है।

Updated on:
11 May 2026 01:55 pm
Published on:
11 May 2026 01:55 pm
Also Read
View All
प्रतापगढ़ न्यूज: स्कूल गई नाबालिग को ले भागा युवक, ढोढर स्टेशन पर धरे गए दोनों; जुलूस निकालने की मांग पर लाठीचार्ज

CM Bhajan Lal : ‘राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत है पानी’, सीएम भजनलाल ने उदयपुर संभाग को 924 करोड़ के दिए तोहफे

CM भजनलाल के प्रतापगढ़ दौरे के बीच पुलिस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक रामलाल मीणा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

Pratapgarh: फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत हत्याकांड में बड़ा अपडेट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कई राज खुलने की उम्मीद

प्रतापगढ़: पिता-पुत्र हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन महीने पहले की गई थी मर्डर की प्लानिंग