प्रतापगढ़

ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ में पूर्व उपसरपंच रसीद खान की 3.92 करोड़ की संपत्ति सीज, ड्रग्स तस्करी में था शामिल

प्रतापगढ़ में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने पूर्व उपसरपंच रसीद खान की ड्रग्स तस्करी से अर्जित 3.92 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज की। इसमें आलीशान मकान, जमीन और दो बाइक शामिल हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 2:25 PM IST
pratapgarh drugs smuggler property seized
पुलिस ने फ्रीजिंग का बोर्ड लगाकर संपत्तियों को फ्रीज किया (पत्रिका फोटो)

Pratapgarh Drugs Smuggler Property Seized: प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी निवासी आरोपी रसीद खान की मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। इसमें एक आलीशान मकान, चारदीवारी सहित जमीन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। संपत्ति की कीमत के लिहाज से इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर फ्रीजिंग का बोर्ड लगाकर संपत्तियों को फ्रीज किया।

तस्करी की कमाई से बनाया आलीशान मकान

पुलिस के अनुसार, आरोपी रसीद खान पुत्र जलाल खान (45), निवासी देवल्दी, थाना अरनोद लंबे समय से ब्राउन शुगर, एमडी सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। तस्करी से अर्जित अवैध आय से उसने कम समय में देवल्दी में आबादी भूमि पर दो मंजिला आलीशान मकान और चारदीवारी बनवाई। साथ ही दो मोटरसाइकिलें अपने विश्वस्त दोस्तों के नाम पर खरीदकर खुद के कब्जे और उपयोग में ले रखी थीं।

इसकी जानकारी मिलने पर अरनोद थानाधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के तहत वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्राम पंचायत नौगावां के सचिव और पटवार हल्का नौगावां से रिकॉर्ड लिया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग से संपत्तियों की वैल्यूएशन रिपोर्ट प्राप्त की गई। इसके अलावा बैंक खातों और परिवहन विभाग से भी रिकॉर्ड जुटाया गया। जांच में दोनों मोटरसाइकिलें भी तस्करी की अवैध आय से अर्जित पाई गईं।

सफेमा ने 9 नवंबर को जारी किया आदेश

पुलिस ने पिछले छह वर्षों में तस्करी से अर्जित संपत्तियों का फ्रीजिंग आदेश तैयार कर 14 अक्टूबर को कॉम्पिटेंट अथॉरिटी एंड एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा, नई दिल्ली को प्रस्तुत किया था। सुनवाई के बाद सफेमा ने 9 नवंबर को आदेश पारित कर सभी संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि की। इसके बाद 11 नवंबर को थाना अरनोद की पुलिस ने मौके पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर संपत्तियां फ्रीज कीं।

मकान, जमीन और दो बाइक सहित 3.92 करोड़ की संपत्ति

फ्रीज की गई संपत्तियों में देवल्दी में आबादी भूमि पर बना दो मंजिला आलीशान मकान, चारदीवारी और जमीन शामिल हैं। इनका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपए है। इसके अलावा सुपर स्प्लेंडर और एक्स प्लस 200 मोटरसाइकिलें भी फ्रीज की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपए है। इस तरह कुल फ्रीज संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए है।

राजस्थान और गुजरात में दर्ज हैं तस्करी के दो मामले

पुलिस के अनुसार, रसीद खान के खिलाफ राजस्थान और गुजरात में मादक पदार्थ तस्करी के दो प्रकरण दर्ज हैं। 5 अगस्त 2025 को गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन ने अहमदाबाद निवासी जावेद उमरभाई मेवाती के कब्जे से 117.690 ग्राम एमडी, 49.890 ग्राम गांजा और नकदी सहित एक कार जब्त की थी। जांच में सामने आया कि यह एमडी और गांजा रसीद खान ने उपलब्ध कराया था।

इस मामले में रसीद खान को 21 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। वह वर्तमान में साबरमती सेंट्रल जेल, अहमदाबाद में बंद है। आरोपी पूर्व में ग्राम पंचायत नौगावां का उपसरपंच भी रह चुका है। पुलिस का कहना है कि प्रतापगढ़ पुलिस मादक पदार्थों और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार फ्रीज और ध्वस्त करने की कार्रवाई कर रही है।

Updated on:
11 Nov 2026, 2:25 PM IST
Published on:
Also Read
View All
प्रतापगढ़ में नई नवेली दुल्हन के पति की करंट लगने से मौत, बेटे को बचाने में बाप ने भी गंवाई जान

प्रतापगढ़: अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ मुख्य सरगना, घर पर छापेमारी में 1 किलो 45 ग्राम अफीम और 4.70 लाख रुपए मिले

Exclusive: डेढ़ साल से कोठरी में पढ़ रहे बच्चे, 180 छात्रों पर 7 शिक्षक; तहसीलदार बोलीं- मुझे जानकारी नहीं

सीतामाता अभयारण्य में मिलीं मेंढक की दो दुर्लभ प्रजातियां, राजस्थान में पहली बार दिखी मौजूदगी, जानें खासियत

प्रतापगढ़ न्यूज: स्कूल गई नाबालिग को ले भागा युवक, ढोढर स्टेशन पर धरे गए दोनों; जुलूस निकालने की मांग पर लाठीचार्ज