
प्रतापगढ़. प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर पिता-पुत्र को पिकअप से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने प्रेमिका रजिया बी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रजिया बी पर मुख्य आरोपी कुशाल खान पठान के कहने पर मृतक पिता-पुत्र की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी रैकी करने का आरोप है। जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि वारदात को सड़क हादसा दिखाने की योजना पहले से तैयार की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मोखमपुरा निवासी शाहबाज खान पठान ने करीब तीन साल पहले कुशाल खान पठान से 7 लाख रुपए उधार लिए थे। रकम का कुछ हिस्सा लौटाया गया था, लेकिन बाकी पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद बना हुआ था। पुलिस जांच में इसी आर्थिक विवाद को हत्या की साजिश के पीछे की वजह बताया गया है। मामले में शाहबाज के बेटे जावेद खान पठान ने 6 सितंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
6 सितंबर को शाहबाज खान पठान अपने बेटे शोएब खान पठान के साथ बाइक से प्रतापगढ़ की ओर जा रहे थे। असाड़ सीमा में अवलेश्वर टोल के आगे प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर उनकी मोटरसाइकिल को पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौत हो गई। शुरुआत में मामला सड़क हादसे जैसा सामने आया, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर हत्या की साजिश का आरोप सामने आया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पिता-पुत्र को रास्ते में हादसे का रूप देकर मारने की योजना करीब डेढ़ महीने पहले ही बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, इस साजिश में मुख्य आरोपी कुशाल खान के साथ उसके नौकर अलीम खान पठान, भांजे हुसैन खान पठान और रजिया बी को शामिल किया गया था। मामले में हुसैन खान और अलीम खान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब रजिया बी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के मुताबिक, हुसैन खान ने रैकी करने वालों को देने के लिए 2.50 लाख रुपए भेजे थे, जो रजिया बी तक पहुंचे।
जांच में सामने आया कि रजिया बी 3 सितंबर को दलौदा से मोखमपुरा पहुंची थी। पुलिस का आरोप है कि उसने कुशाल खान के कहने पर शाहबाज और शोएब की रैकी की थी। इसी जानकारी और जांच में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रजिया बी को गिरफ्तार किया है।