Rajasthan Pratapgarh Police Action : प्रतापगढ़ जिले में ब्याज माफियाओं के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस का अभियान लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। पुलिस ने धोलापानी थाना पुलिस ने गांव सिंघोडिया फला ईंटो का तालाब में दबिश देकर 6 लाख रुपए से अधिक नकदी, सोना-चांदी के आभूषण, वाहन, कृषि यंत्र और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

Rajasthan Pratapgarh Police Action : प्रतापगढ़। जिले में ब्याज माफियाओं के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस का अभियान लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। पुलिस ने धोलापानी थाना पुलिस ने गांव सिंघोडिया फला ईंटो का तालाब में दबिश देकर 6 लाख रुपए से अधिक नकदी, सोना-चांदी के आभूषण, वाहन, कृषि यंत्र और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि गोपनीय सूचना पर पुलिस टीम गांव सिंघोडिया फला ईंटो का तालाब निवासी नारायणलाल पुत्र कनीराम मीणा के रिहायशी मकान पर पहुंची। पुलिस तलाशी के दौरान नारायणलाल मीणा के मकान से 9 किलो 265 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 25 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए।
इसके अलावा आठ मोटर साइकिल, एक मोपेड, पांच ट्रैक्टर और एक पानी का टैंकर भी जब्त किया गया। कृषि उपकरणों में तीन सीड्रिल मशीन, एक मूंगफली निकालने की मशीन, दो प्लेटी प्लो तथा एक प्रेशर मशीन बरामद हुई। इसके साथ ही कुल 6 लाख 07 हजार 350 रुपए नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को 100 और 500 रुपए मूल्य के 20 स्टाम्प पेपर, 6 परमेसरी नोट, विभिन्न बैंकों के 6 हस्ताक्षरशुदा खाली चेक तथा 8 बहीखाता पुस्तकें भी मिली हैं। इसके अलावा बैंक पासबुक, इकरारनामा, वैचाननामा और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
गिरवी रखने वालों को किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं दिया जाता था और उनसे मनमर्जी के अनुसार ब्याज वसूला जाता था। जिसमें दस से बीस प्रतिशत तक ब्याज की बात सामने आई है। पुलिस ने सभी वस्तुओं का पंचनामा तैयार कर उन्हें जब्त किया तथा विधि सम्मत धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया।
प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के वाहन, कृषि यंत्र और आभूषण गिरवी रखकर अवैध रूप से ब्याज वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में विधिसम्मत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जिले में ब्याज माफियाओं के खिलाफ यह लगातार दूसरे दिन की बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने केसरियावद के भणावता गांव में ब्याज माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध ब्याज कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।