
प्रतापगढ़। जिले की 20 वार्डों की अरनोद नगर पालिका ने अपने पहले ही नगर निकाय चुनाव में शानदार मतदान दर्ज कराते हुए राजस्थान में सर्वाधिक मतदान वाले निकाय का गौरव हासिल किया है। अरनोद में 91.98 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। दिनभर मतदान केंद्रों पर कतारें लगी रहीं और अंतिम घंटों तक मतदाताओं का जोश बरकरार रहा। दोपहर 3 बजे तक अरनोद में 83.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो शाम 6 बजे तक बढ़कर 91.98 प्रतिशत पहुंच गया।
दोनों निकायों को मिलाकर कुल 41,085 पंजीकृत मतदाताओं में से 33,064 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह दोनों निकायों का संयुक्त मतदान प्रतिशत करीब 80.48 प्रतिशत रहा। खास बात यह रही कि जहां अरनोद में मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत के पार पहुंचा, वहीं प्रतापगढ़ नगर परिषद में भी करीब 79 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान के आंकड़ों में दोनों निकायों के बीच 13.17 प्रतिशत का बड़ा अंतर सामने आया। अरनोद में मतदान प्रतिशत प्रतापगढ़ नगर परिषद की तुलना में काफी अधिक रहा। अरनोद के सभी 20 वार्डों में मतदान प्रतिशत 88 प्रतिशत से ऊपर रहा, जबकि प्रतापगढ़ नगर परिषद के अलग-अलग बूथों में मतदान प्रतिशत में काफी अंतर देखने को मिला।
नगर परिषद प्रतापगढ़ में कुल 35,895 पंजीकृत मतदाता थे। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक इनमें से 28,290 मतदाताओं ने वोट डाला। अंतिम मतदान प्रतिशत 78.81 प्रतिशत रहा। प्रतापगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में कुल 42 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। सुबह शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन दोपहर में मतदान ने गति पकड़ी।
सुबह 10 बजे तक 6,786 वोट पड़ चुके थे और मतदान प्रतिशत 18.91 प्रतिशत था। दोपहर 1 बजे तक मतदान तेजी से बढ़ा और 16,716 वोट पडऩे के साथ मतदान प्रतिशत 46.57 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर 3 बजे तक 22,528 मतदाता वोट डाल चुके थे और मतदान प्रतिशत 62.76 प्रतिशत हो गया। इसके बाद अंतिम तीन घंटों में 5,762 और वोट पड़े तथा शाम 6 बजे तक कुल 28,290 वोट के साथ मतदान प्रतिशत 78.81 प्रतिशत पहुंच गया।
प्रतापगढ़ में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच मतदान की रफ्तार सबसे तेज रही। इस तीन घंटे की अवधि में 9,930 नए वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 18.91 से बढकऱ 46.57 प्रतिशत हो गया। यानी तीन घंटे में मतदान प्रतिशत में करीब 27.66 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
प्रतापगढ़ नगर परिषद के 42 मतदान केंद्रों में मतदान प्रतिशत के लिहाज से बूथ नंबर 39 सबसे आगे रहा। यहां कुल 922 मतदाताओं में से 840 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 91.11 प्रतिशत रहा। इसके बाद बूथ नंबर 29 पर 89.25 प्रतिशत, बूथ नंबर 40 पर 88.76 प्रतिशत, बूथ नंबर 25 पर 87.15 प्रतिशत और बूथ नंबर 4 पर 86.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरी ओर बूथ नंबर 15 पर सबसे कम 59.03 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 1,196 मतदाताओं में से 706 ने मतदान किया। इस तरह बूथ नंबर 39 और बूथ नंबर 15 के बीच मतदान प्रतिशत में 32.08 प्रतिशत का अंतर रहा।
अरनोद नगर पालिका चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी प्रतापगढ़ से भी ज्यादा रही। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 5,190 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 4,774 मतदाताओं ने मतदान किया। शाम 6 बजे तक अंतिम मतदान प्रतिशत 91.98 प्रतिशत दर्ज किया गया। अरनोद में कुल 20 वार्ड और 20 मतदान केंद्र हैं। खास बात यह रही कि सभी 20 वार्डों में मतदान प्रतिशत 88 प्रतिशत से अधिक रहा। यानी ऐसा कोई वार्ड नहीं रहा जहां मतदान प्रतिशत 88 प्रतिशत से नीचे गया हो।
सुबह 10 बजे तक ही अरनोद में 1,867 मतदाता वोट डाल चुके थे और मतदान प्रतिशत 35.97 प्रतिशत पहुंच गया था। दोपहर 1 बजे तक 3,554 वोट पड़ चुके थे और मतदान प्रतिशत 68.48 प्रतिशत हो गया। दोपहर 3 बजे तक 4,359 मतदाता वोट डाल चुके थे तथा मतदान प्रतिशत 83.99 प्रतिशत पहुंच गया। शाम 6 बजे तक 4,774 वोट पडऩे के साथ अंतिम मतदान प्रतिशत 91.98 प्रतिशत रहा।
अरनोद में मतदान की शुरुआत ही प्रतापगढ़ की तुलना में काफी तेज रही। सुबह 10 बजे तक अरनोद में जहां 35.97 प्रतिशत मतदान हो चुका था, वहीं प्रतापगढ़ में इसी समय तक 18.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी सुबह 10 बजे तक ही दोनों निकायों के मतदान प्रतिशत में 17.06 प्रतिशत का अंतर था। दोपहर 1 बजे भी अरनोद आगे रहा। इस समय अरनोद में 68.48 प्रतिशत और प्रतापगढ़ में 46.57 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों के बीच अंतर 21.91 प्रतिशत रहा। हालांकि दोपहर 3 बजे तक अंतर कम होकर 21.23 प्रतिशत रहा और शाम 6 बजे तक दोनों निकायों के अंतिम मतदान प्रतिशत में अंतर 13.17 प्रतिशत रह गया।
अरनोद में सबसे अधिक मतदान वार्ड नंबर 15 में हुआ। यहां कुल 336 मतदाताओं में से 327 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 97.32 प्रतिशत रहा। इसके बाद वार्ड नंबर 7 में 96.86 प्रतिशत और वार्ड नंबर 2 में 96.17 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड नंबर 14 में 95.45 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर 3 में 93.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यानी अरनोद के शीर्ष पांच वार्डों में सभी जगह मतदान प्रतिशत 93 प्रतिशत से ऊपर रहा। वहीं अरनोद में सबसे कम मतदान वार्ड नंबर 8 में हुआ। यहां भी मतदान प्रतिशत 88.37 प्रतिशत रहा। वार्ड नंबर 17 में 88.57 प्रतिशत, वार्ड नंबर 10 में 88.76 प्रतिशत, वार्ड नंबर 4 में 89.42 प्रतिशत और वार्ड नंबर 1 में 89.61 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे स्पष्ट है कि अरनोद में सबसे अधिक और सबसे कम मतदान वाले वार्ड के बीच भी अंतर महज 8.95 प्रतिशत रहा।