प्रतापगढ़

2 दिन से लापता परिवार का इस हाल में मिला शव, विधवा से पुनर्विवाह को लेकर नाराज परिजन ने नहीं किया अंतिम संस्कार

Rajasthan News: मामले में मृतक के दो पुत्र और एक पुत्रवधु को डिटेन कर पूछताछ की गई। निशानदेही से एनिकट से शव निकाले। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी।
2 min read
Feature image
प्रतापगढ़. पारसोला के मूंगाणा के पास एनिकट पर पहुंचे पुलिस व गोताखोर।

Crime News: प्रतापगढ़ के पारसोला थाना इलाके के मूंगाणा में दो दिन पहले गुम हुए दंपती समेत मासूम के शवों को पुलिस ने सोमवार सुबह गांव से पांच किलोमीटर दूरी पर एक एनिकट से निकाले। इस मामले में मृतक के दो पुत्र और एक पुत्रवधु को डिटेन कर पूछताछ की गई। निशानदेही से एनिकट से शव निकाले। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी। लेकिन दोनों पक्षों के लोग नहीं पहुंचे। इस पर ग्राम पंचायत के सहयोग से तीनों का अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं डिटेन किए गए लोगों से पुलिस पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक लक्ष्मणदास ने बताया कि मूंगाणा के केसरफला टांडा मोहल्ले में सूरजमल (50) लबाना, उसकी दूसरी पत्नी लछीदेवी (47) व तीन वर्षीय मासूम बेटी शनिवार रात से घर से लापता थे। इससे गांव में सनसनी फैल गई। इस संबंध में पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों की हत्या की गई।

इस पर पुलिस के आला अधिकारी, उप अधीक्षक नानालाल, थाना प्रभारी शंभूसिंह झाला, आसपास थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। वहीं एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड की टीम भी गांव पहुंची। तकनीकी आधार पर पुलिस ने देर रात को सूरजमल के पहली पत्नी के पुत्र कांतिलाल, कनिराम व पुत्रवधु को डिटेन किया। तीनों ने पुलिस को बताया कि सूरजमल ने तीन वर्ष पहले सूरजमल ने रिश्ते की विधवा से विवाह किया था। इससे समाज और परिवार के लोग नाराज थे। हत्या के बाद शवों को बोरे में पत्थर से बांधकर करीब 2 किलोमीटर दूर पांचली नाका एनीकट में फेंक दिया गया। इस पर पुलिस की टीमों व एसडीआरएफ टीम ने सोमवार सुबह तलाश की। मामले को देखते हुए बांसवाड़ा आईजी एस परिमला भी मौके पर पहुंची। पुलिस व गोताखोरों और तैराकों की मदद से एनिकट में सूरजमल की लाश पत्थर भरे बोरे व लछीबाई व मासूम की लाश बंधी हुई एक अलग बोरे में मिली। जिसमें मासूम का गला रेंता हुआ बताया जा रहा है।

पुलिस शवों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पारसोला में लाई। वहीं सूरजमल व लछीबाई के परिजनों को सूचना दी। लेकिन मृतकों के कोई परिजन नहीं पहुंचे। जिस पर पुलिस ने तीनों के पोस्टमार्टम कराए। ग्राम पंचायत के सहयोग से अंतिम संस्कार कराया गया। मामले में डिटेन किए लोगों ने पूछताछ की जा रही है।

सूरजमल के विधवा पुर्नविवाह से नाराज थे परिजन व अन्य लोग

पुलिस उप अधीक्षक नानालाल ने बताया कि मृतक सूरजमल लबाना की पत्नी का निधन 10 वर्ष पूर्व हो गया था। पहली पत्नी से उसके तीन पुत्र कांतिलाल, कनीराम और डायालाल थे। सूरजमल ने तीन वर्ष पहले स्वजातीय विधवा महिला लछीदेवी से पुर्नविवाह किया था। इसे लेकर तीनों पुत्र, परिवारजन एवं अन्य लोग नाराज था। म़ृतकों ने पुलिस और न्यायालय में भी गुहार लगाई थी।

6 माह से गर्भवती थी लछीदेवी

हत्या के बाद एनिकट में फैंके तीनों के शव निकाले गए। जिनका पोस्टमार्टम पारसोला स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया। जिसमें सामने आया कि मृतका लछीदेवी 6 माह से गर्भवती थी।

नहीं पहुंचे परिजन, पंचायत के सहयोग से कराया अंतिम संस्कार

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी इस संबंध में सूचना दी। लेकिन दोनों के परिजन नहीं आए। इस पर पुलिस ने पारसोला ग्राम पंचायत के सहयोग से तीनों का अंतिम संस्कार कराया गया। इस मौके पर सरपंच जीवाराम मीणा मीणा, पटवारी, सचिव आदि उपस्थित थे।

Updated on:
30 Jul 2024 04:32 pm
Published on:
30 Jul 2024 04:03 pm