
Raja Bhaiya Bhanvi Singh Case Update: यूपी के प्रतापगढ़ स्थित कुंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (Raja Bhaiya) के खिलाफ उनकी पत्नी भानवी सिंह (Bhanvi Singh) द्वारा दर्ज घरेलू हिंसा के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान लेने के आदेश पर बहस टाल दी। अगली सुनवाई 19 जनवरी तय की गई है।
राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने कोर्ट में अपनी और अपनी बेटी की जान को खतरा बताते हुए दिल्ली पुलिस से सुरक्षा की मांग की। उन्होंने बताया, ''बुधवार की रात को उनकी और पड़ोसी की गाड़ी जला दी गई। EOW में केस चल रहा है, इसलिए इंश्योरेंस भी नहीं मिलेगा।''
भानवी सिंह ने पुलिस कमिश्नर को भेजी शिकायत की कॉपी कोर्ट में पेश की। उन्होंने कहा, ''आरोपी बहुत ताकतवर व्यक्ति हैं। 7 बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं।'' इस मांग पर विचार करने का आश्वासन कोर्ट ने दिया। साथ ही संबंधित SHO को संज्ञान लेने का निर्देश देने की संभावना जताई।
वहीं, कोर्ट में भानवी सिंह के वकील ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ''राजा भैया पर अवैध रूप से मगरमच्छ पालने के आरोप हैं, कई हत्या के केस चले हैं, और वे अपने माता-पिता पर भी हाथ उठाते हैं। घर में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। भानवी के नाम करीब 200 करोड़ रुपए की संपत्ति है, लेकिन वह सड़क पर आ गई हैं। दोनों बेटियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।''
बता दें कि ये मामला 2025 में भानवी सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ था। उन्होंने लंबे समय से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। दंपती अलग-अलग रह रहे हैं। साथ ही तलाक का केस भी अलग से चल रहा है। भानवी ने पहले भी कई बार सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा मांग पर ध्यान देने का भरोसा दिया है। राजा भैया की तरफ से अभी कोर्ट में कोई जवाब नहीं आया है।