
Raja Bhaiya with His Sons: कुंडा में चल रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा के बीच 'जनसत्ता दल' के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उन्हें खास भेंट दी। शुक्रवार सुबह राजभवन बेंती में दिव्य दरबार के आयोजन से पहले राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को परम पूजनीय देवरहा बाबा की सुंदर पोर्ट्रेट पेंटिंग भेंट की। इस मौके पर राजा भैया के बड़े बेटे कुंवर शिवराज प्रताप सिंह और छोटे बेटे कुंवर बृजराज प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
एक तरफ जहां राजा भैया अपने दोनों बेटों के साथ बेंती राजभवन में इस धार्मिक आयोजन की अगुवाई कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एक दिन पहले ही उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह भदरी की भावुक पोस्ट सुर्खियों में रही। कुंडा में चल रही धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा के बीच भानवी सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक संदेश साझा किया था। इसमें उन्होंने लिखा था कि, उन्हें राजा भैया की ओर से इस पावन श्रीराम कथा में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भानवी सिंह ने इस कथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की थी। तब उन्होंने लिखा था कि उन्हें विश्वास है कि उनके हजूर उनकी इच्छा का सम्मान करेंगे और उन्हें इस पुण्य आयोजन में शामिल होने का मौका देंगे ताकि, पूरे परिवार को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि यह रामकथा परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में विश्वास जगाने का अवसर बनेगी।
अपनी हालिया पोस्ट में भानवी सिंह ने कुंडा की जनता और सभी शुभचिंतकों को प्रणाम करते हुए लिखा कि लोगों ने उनके प्रति जो अपार स्नेह, प्रेम, सम्मान और अपनापन दिखाया है, उसके लिए उनके पास शब्द कम पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जानकर आंखें नम हो गईं कि इतने वर्षों और इतनी दूरियों के बाद भी सबके दिल में उनके लिए वही स्नेह और सम्मान आज भी जीवित है। भानवी सिंह ने आगे लिखा कि यह बात अलग है कि, "मेरे हजूर रघुराज प्रताप सिंह जी की ओर से मुझे इस पावन श्रीराम कथा में सम्मिलित होने का निमंत्रण नहीं मिला, लेकिन कुंडा की जनता ने अपने प्रेम और अपनत्व से मुझे जो स्थान दिया है, वह मेरे लिए किसी भी निमंत्रण से कम नहीं है। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि कई बार परिस्थितियां अपनों को दूर कर देती हैं, लेकिन दिलों के रिश्ते दूरियों के मोहताज नहीं होते।"
बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। भानवी सिंह ने नवंबर 2022 में क्रूरता के आधार पर दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी। तब से दोनों अलग रह रहे हैं। बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखने वाली भानवी सिंह की शादी साल 1995 में राजा भैया से हुई थी। राजा भैया और भानवी सिंह के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटों के नाम शिवराज और बृजराज हैं, जबकि बेटियों के नाम राघवी और बृजेश्वरी हैं।