
Raja Bhaiya Wife Bhanvi Singh Statement: कुंडा में चल रही धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा के बीच विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह भदरी की भावुक पोस्ट चर्चा में है। भानवी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें राजा भैया की ओर से इस पावन श्रीराम कथा में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला है।
बता दें कि भानवी सिंह ने इससे पहले भी कथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की थी। भानवी सिंह ने लिखा था कि, मुझे विश्वास है कि मेरे हजूर मेरी इच्छा का सम्मान करेंगे और मुझे इस पुण्य आयोजन में शामिल होने का मौका देंगे ताकि पूरे परिवार को इसका लाभ मिल सके। यह रामकथा परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में विश्वास जगाने का अवसर बनेगी।
भानवी सिंह ने अपनी पोस्ट में कुंडा की जनता और समस्त शुभचिंतकों को प्रणाम करते हुए लिखा कि आप सभी ने मेरे प्रति जो अपार स्नेह, प्रेम, सम्मान और अपनापन दिखाया है, उसके लिए मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं। यह जानकर आंखें नम हो गईं कि इतने वर्षों और इतनी दूरियों के बाद भी आप सबके दिल में मेरे लिए वही स्नेह और सम्मान आज भी जीवित है। भानवी सिंह ने आगे लिखा, "यह बात अलग है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी की ओर से मुझे इस पावन श्रीराम कथा में सम्मिलित होने का निमंत्रण नहीं मिला, लेकिन कुंडा की जनता ने अपने प्रेम और अपनत्व से मुझे जो स्थान दिया है, वह मेरे लिए किसी भी निमंत्रण से कम नहीं है।" उन्होंने आगे लिखा कि कई बार परिस्थितियां अपनों को दूर कर देती हैं, लेकिन दिलों के रिश्ते दूरियों के मोहताज नहीं होते।
भले ही आज मैं आप सबके बीच उपस्थित नहीं हूं, लेकिन मेरा मन, मेरी भावनाएं और मेरी शुभकामनाएं सदैव कुंडा की जनता के साथ हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें यह एहसास कराया है कि वह आज भी उनके परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीवन की परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, वह सभी की सेवा करने, हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने और लोगों के प्रेम का मान रखने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।भानवी सिंह ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि उनके परिवार में फिर से प्रेम, शांति और एकता स्थापित हो। साथ ही कुंडा की जनता का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा बना रहे।
आपको बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। भानवी ने नवंबर 2022 में क्रूरता के आधार पर दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी। तब से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। बता दें कि बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखने वाली भानवी सिंह की शादी राजा भैया से 1995 में हुई थी। राजा भैया और भानवी सिंह के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बेटों का नाम शिवराज और बृजराज है, जबकि बेटियों का नाम राघवी और बृजेश्वरी है।