
Dhirendra Krishna Shastri Kunda Ram Katha: प्रतापगढ़ जिले के कुंडा बेंती राजभवन में आज से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य रामकथा शुरू हो रही है। इसी बीच कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर पोस्ट कर इस कथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है। भानवी सिंह ने लिखा कि, मुझे विश्वास है कि मेरे हजूर मेरी इस धार्मिक इच्छा का सम्मान करेंगे और मुझे इस पुण्य आयोजन में शामिल होने का मौका देंगे ताकि पूरे परिवार को इसका लाभ मिल सके। यह रामकथा परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में विश्वास जगाने का अवसर बने।
आपको बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। भानवी ने नवंबर 2022 में क्रूरता के आधार पर दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी। तब से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। बता दें कि बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखने वाली भानवी सिंह की शादी राजा भैया से 1995 में हुई थी। राजा भैया और भानवी सिंह के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बेटों का नाम शिवराज और बृजराज है, जबकि बेटियों का नाम राघवी और बृजेश्वरी है।
सपा की तरफ से रामकथा का फिलहाल किसी तरह का कोई विरोध नहीं किया गया है। समाजवादी पार्टी ने हाल ही में राम और कृष्ण की तुलना को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी आपत्ति जताई थी। वहीं आयोजनकर्ता राजा भैया ने सोमवार रात प्रयागराज एयरपोर्ट पर धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया। कथा को लेकर राजा भैया ने साफ किया कि इसका राजनीति या 2027 के चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कह रहा है कि कथा नहीं होनी चाहिए तो वह संविधान विरोधी बात कर रहा है क्योंकि संविधान हर नागरिक को अपनी आस्था के अनुसार पूजा करने का मौलिक अधिकार देता है।
3 दिनों तक चलने वाली इस भव्य रामकथा के पहले दिन आज पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह, योग गुरु बाबा रामदेव, स्वामी कैलाशानंद गिरी, मंत्री मनोज पांडेय और विधायक अभय सिंह भी शामिल होंगे। रामकथा के आयोजन को लेकर कुंडा में पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। करीब 200 गांवों में कलश यात्रा भी निकाली गई है। धीरेंद्र शास्त्री पहले गोंडा जाएंगे और आलोक दास महाराज की कथा में शामिल होंगे उसके बाद वह दोपहर 2 बजे से कुंडा में रामकथा का आयोजन करेंगे।