बाहुबली अतीक अहमद की लखनऊ में स्थित करीब 30 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को जल्द ही कुर्क किया जाएगा। इसकी अनुमति प्रयागराज के डीएम संजय खत्री की तरफ से दे दी गई है। इससे पहले 14 सितंबर को उसका लखनऊ के सीतापुर रोड पर स्थित करीब 8 करोड़ का एक बंगला कुर्क किया गया था।
पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद पर यूपी सरकार का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में उस पर एक और बड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत अतीक अहमद की 30 करोड़ की अपराध से अर्जित की गई अवैध संपत्ति को जल्द ही कुर्क किया जाएगा। इसके लिए धूमनगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध संपत्ति को चिन्हित कर लिया गया है। अतीक अहमद की ये दोनों अवैध संपत्तियां राजधानी लखनऊ में है, जिन्हें पुलिस ने चिन्हित किया है। दरअसल, लखनऊ के गोमती नगर के विजयखंड में अतीक अहमद के नाम पर 400 वर्ग मीटर जमीन मौजूद है। इसके अलावा भैंसोरा में भी उसकी करीब 51 बिस्वा जमीन होने का पता चला है, जिसे कुर्क करने की तैयारी में पुलिस है। वहीं दोनों जमीनों की कीमत करीब 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रयागराज डीएम ने जारी की कुर्की की अनुमति
बता दें कि लखनऊ में स्थित अतीक अहमद की इन दोनों जमीनों में से एक संपत्ति व्यवसायिक और दूसरी आवासीय है। वहीं कुर्की की अनुमति प्रयागराज के डीएम संजय खत्री की तरफ से दे दी गई है। जिसके बाद जल्द ही प्रशासन के अधिकारी और पुलिस मिलकर अतीक की इन दोनों अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम देंगे। गौरतलब है कि अतीक अहमद पर ये कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी 14 सितंबर को उसका लखनऊ के सीतापुर रोड पर स्थित करीब 8 करोड़ का एक बंगला कुर्क किया गया था। ऐसा कह सकते हैं कि प्रदेश में अब तक बाहुबली अतीक अहमद के खिलाफ सबसे ज्यादा कार्रवाई की गई है।
अहमदाबाद के साबरमती जेल में बंद है बाहुबली
बता दें कि अतीक अहमद रजिस्टर्ड माफिया और आईएस 227 गैंग का सरगना है। अतीक अहमद के खिलाफ 97 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन दिनों वह गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती जेल में बंद है। इससे पहले इस महीने की शुरुआत में प्रॉपर्टी डीलर जीशान उर्फ जानू पर हुई फायरिंग मामले में पूरामुफ्ती पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल जाकर माफिया अतीक अहमद से पूछताछ की थी और उसका बयान दर्ज किया था। अतीक ने पुलिस के प्रश्नों का जवाब देते हुए अपने बयान में कहा कि सारे रिश्तेदार, दोस्त दुश्मन बनकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रहे हैं। हर मामले में अतीक का नाम लिया जाने लगा है।