
Keshav Prasad Maurya Statement: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि 'भाजपा के पाप का घड़ा भर गया है' केशव मौर्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम ने दावा किया कि आगामी विधान परिषद और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और वह पूरी तरह से चारों खाने चित्त हो जाएगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि, "सपा बहादुर अखिलेश यादव सिर्फ बयान देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे आने पर उनकी असली स्थिति सबके सामने आ जाएगी। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि जब 2027 के चुनाव में सपा को हार मिलेगी तो इसके बाद वे हमेशा की तरह ईवीएम में गड़बड़ी और भाजपा पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का रोना रोएंगे।"
डिप्टी सीएम ने भाजपा के लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ 2027 ही नहीं बल्कि 2047 तक सत्ता में रहेगी। भाजपा का मुख्य लक्ष्य विकसित भारत के साथ-साथ विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी और अराजकता का दौर अब दोबारा कभी वापस नहीं आएगा क्योंकि जनता को यह सब पसंद नहीं है।
कोलकाता में हुए दुखद हादसे को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी केशव मौर्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इस मुश्किल घड़ी में पूरे देश को प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई इतने बड़े और दुखद हादसे पर भी राजनीति कर रहा है तो यह बहुत ही घटिया आचरण और गंदी राजनीति है।
राजधानी लखनऊ में माफिया अतीक अहमद को रावण के रूप में दिखाने वाले पोस्टर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी डिप्टी सीएम ने जवाब दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी को अतीक अहमद जैसे माफिया का पोस्टर लगवाने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि उसकी मौत हो चुकी है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्रयागराज के सर्किट हाउस पहुंचे। यहां से वह झूंसी के अंदावा स्थित हेरिटेज रिसोर्ट के लिए रवाना हुए जहां MLC चुनाव को लेकर मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसके बाद उनका करछना क्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम और फिर शाम को सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ अहम बैठक का कार्यक्रम तय है। शाम करीब 7:45 बजे वह राजकीय विमान से वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।