प्रयागराज

प्रयागराज के सिविल लाइंस में चार मंजिला होटल में भीषण आग, 12 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

Prayagraj Hotel fire : प्रयागराज के सिविल लाइंस में चार मंजिला बिट्ठल होटल में लगी भीषण आग। ट्रांसफार्मर ब्लास्ट के बाद फैली लपटें, होटल में फंसे 12 से ज्यादा लोगों को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।
2 min read
Fire Accident
प्रयागराज में लगी होटल में आग, 12 लोग अंदर फंसे, PC- X

प्रयागराज: सिविल लाइंस इलाके में स्थित चार मंजिला बिट्ठल होटल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर घना धुआं छा गया और ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल के पास लगे एक ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने के बाद आग लगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को भी संभावित कारण माना जा रहा है।

सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं।

होटल में करीब 12 से अधिक लोग फंसे हुए थे। रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की चपेट में होटल की लॉबी में खड़ी दो बाइकें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

आग की लपटें और घने काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोग घबराए हुए नजर आए। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है।

इस दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सतीश चंद्र आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए। उनका हाथ झुलसने के बाद तत्काल मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया। इस भीषण अग्निकांड में होटल की लॉबी में खड़ी दो बाइकें और आधे से ज्यादा होटल जलकर राख हो गया है। मम्फोर्डगंज निवासी आलोक परमार के इस होटल में करीब 20 से 25 कमरे हैं।

धमाके की आवाज सुन मची अफरा-तफरी

होटल के कमरा नंबर 306 में ठहरे गाजियाबाद के सैलानी अरुण शर्मा ने बताया कि अचानक एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जब वे नीचे भागे, तो देखा कि बगल के ट्रांसफार्मर से उठी आग की लपटें होटल की तरफ बढ़ रही थीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर होटल में ठहरे अन्य लोगों को अलर्ट किया, जिससे सभी समय रहते बाहर भाग सके और बड़ा हादसा टल गया।

अधिकारियों का बयान

डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आग सबसे पहले होटल के पास स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर में लगी थी, जिसकी चिंगारी ने पूरे होटल को अपनी जद में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते होटल स्टाफ और सभी मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

Updated on:
18 May 2026 04:00 pm
Published on:
18 May 2026 02:29 pm
Also Read
View All
प्रयागराज में दो सगे भाइयों की मौत का मामला: मृतक की भाभी और भाई गिरफ्तार, सपा MLA सहित कई की तलाश

राम मंदिर चंदा विवाद पर मंत्री संजय निषाद का बड़ा बयान, बोले- पहले भ्रष्टाचार दबा दिया जाता था, हमारी सरकार में सजा मिल रही

मौसम 2026 हुआ सक्रिय: आज प्रयागराज में होगी मूसलाधार बारिश, बादल गरजने-आंधी चलने का पूर्वानुमान

यूपीटीईटी 2026 में शामिल होने वाले सरकारी शिक्षकों के लिए खुशखबरी, 2, 3 और 4 जुलाई को विशेष अवकाश

‘BJP सरकार ने शिक्षा और परीक्षा को बर्बाद कर दिया, युवा आत्महत्या कर रहे हैं’, प्रयागराज में अखिलेश ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप