प्रयागराज

राष्ट्रीय एकता दिवस: प्रयागराज में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन में बवाल, कुर्सियां तोड़ीं, सर्टिफिकेट के लिए मची छीना-झपटी

National Unity Day: प्रयागराज में भाजपा यमुनापार की ओर से आयोजित रन फॉर यूनिटी मैराथन में अव्यवस्था के बाद हंगामा हो गया। प्रतिभागियों ने कुर्सियां तोड़ीं, मंच पर नारेबाजी की और सर्टिफिकेट के लिए एक-दूसरे से छीना-झपटी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 10:53 AM IST
UP News
प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन में बवाल (X Photo Bhupendra Tiwari)

Prayagraj Run For Unity: प्रयागराज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन में अव्यवस्था के बाद जमकर हंगामा हुआ। दौड़ में शामिल हुए 5 से 6 हजार प्रतिभागियों ने आयोजन पर सवाल उठाते हुए आयोजकों को घेर लिया। आरोप है कि रजिस्ट्रेशन के बाद तय समय और नियमों का पालन किए बिना ही दौड़ शुरू करा दी गई। इससे नाराज प्रतिभागियों ने कुर्सियां तोड़ दीं और मंच पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते सर्टिफिकेट को लेकर छीना-झपटी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने आयोजन करा रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल को भी घेर लिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित निकाला और प्रतिभागियों को हटाकर हालात संभाले।

भाजपा यमुनापार ने कराया था मैराथन का आयोजन

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर शनिवार को नैनी में भाजपा यमुनापार की ओर से मैराथन कराई गई थी। आयोजन राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत हुआ। इसमें करीब 5 से 6 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम अरैल घाट स्थित सच्चा बाबा आश्रम के सेल्फी पॉइंट पर पहुंचकर खत्म होना था। मैराथन का प्रबंधन पूर्व राज्य मंत्री और बारा के पूर्व विधायक रामसेवक पटेल के बेटे तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल देख रहे थे। दौड़ अभिनंदन गेस्ट हाउस, मेवालाल की बगिया से शुरू होकर सच्चा बाबा आश्रम तक होनी थी। आयोजकों ने पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी के लिए 11 हजार और दूसरे स्थान पर रहने वाले के लिए 7 हजार रुपये का इनाम तय किया था।

तय समय से पहले शुरू कर दी गई दौड़

मैराथन सुबह 7 बजे शुरू होनी थी, लेकिन आरोप है कि इसे करीब आधे घंटे पहले ही शुरू करा दिया गया। मौके पर ऐसे लोग भी पहुंच गए थे, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। इसके अलावा दौड़ शुरू करने के लिए न तो हरी झंडी दिखाई गई और न ही कोई औपचारिक कार्यक्रम हुआ। इससे प्रतिभागियों के बीच भ्रम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग बिना किसी तय व्यवस्था के दौड़ने लगे। कुछ प्रतिभागियों ने तो बीच रास्ते में बाइक पर बैठकर दौड़ पूरी की। आयोजन में नियमों का पालन नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई।

देवी सिंह पटेल को घेरा, दोबारा दौड़ कराने की मांग

दौड़ पूरी होने के बाद सच्चा बाबा आश्रम के सेल्फी पॉइंट पर बने मंच से विजेताओं को सर्टिफिकेट दिए जा रहे थे। इसी दौरान नाराज प्रतिभागियों ने डॉ. देवी सिंह पटेल को घेर लिया। उन्होंने आयोजन में बेईमानी का आरोप लगाते हुए दोबारा मैराथन कराने की मांग की।

मंच के नीचे कुछ लोगों ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। हालात बिगड़ते देख देवी सिंह पटेल वहां से निकलने लगे, लेकिन प्रतिभागियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश की।

थाने में विजेताओं को बुलाकर दिया इनाम

पुलिस डॉ. देवी सिंह पटेल को सरकारी जीप से नैनी थाने ले गई। वहां विजेता प्रतिभागियों को बुलाकर सम्मानित किया गया और उन्हें तय इनामी राशि दिलवाई गई। दूसरी तरफ, कुछ प्रतिभागियों ने मंच पर रखे सर्टिफिकेट उठा लिए। इन्हें पाने के लिए लोगों के बीच छीना-झपटी हुई। दावा है कि कुछ प्रतिभागी अपने साथ 10-10 सर्टिफिकेट तक ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़ा और स्थिति पर काबू पाया।

Updated on:
31 Oct 2026, 10:53 AM IST
Published on:
Also Read
View All
प्रयागराज: नीले ड्रम में 5 करोड़ कैश के बाद अब घर में मिले 4 बंद बक्से, रडार से हो रही जमीन की तलाशी; जानिए पूरा मामला

शिक्षा निदेशालय में घुसे TGT-PGT अभ्यर्थी: प्रयागराज में 4 लेयर की बैरिकेडिंग तोड़ी, जमकर हंगामा

स्वराज भवन पहुंचीं आराधना मिश्रा मोना, बोलीं- हर कांग्रेसी के लिए मंदिर के समान है यह स्थान; सामाजिक न्याय पर भी दिया जोर

‘2027 के चुनाव में सपा हो जाएगी चारों खाने चित्त’, केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा- भाजपा 2047 तक सत्ता में रहेगी

माफिया अतीक के गढ़ कसारी-मसारी का बदला नाम: सीएम योगी ने किया ‘श्रीकृष्ण पुरी’ करने का ऐलान