
Triple Murder Case In Prayagraj: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मूकबधिर है। पुलिस पर फायरिंग करने के बाद की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और मोबाइल भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी वाराणसी के नदेसर इलाके का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि ट्रिपल मर्डर केस का आरोपी एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद एसओजी, एयरपोर्ट थाना और शाहगंज थाने की पुलिस ने भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास खेराबंदी की। पुलिस ने बताया है की घेराबंदी के बाद आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीसीपी मनीष कुमार सांडिल्य ने बताया है कि आरोपी मूकबधिर है। उसके पास से मिले मोबाइल फोन की जांच करने के बाद घटनास्थल की कुछ तस्वीरें भी मिली हैं। इशारों की भाषा में उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने बताया है कि तीनों मृतकों में से एक उसकी पत्नी भी थी और उसका कई लोगों से अवैध संबंध था, इसी के चलते उसने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि उसकी दो बेटियां भी हैं, जो वाराणसी में रहती हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि कई बार समझाने के बाद भी उसकी पत्नी नहीं मान रही थी। वह शाहगंज में रहने वाले एक युवक के भी संपर्क में थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी बिना कुछ बताए वाराणसी से सीधे प्रयागराज के शाहगंज इलाके में पहुंची और उसने वीडियो कॉल पर अपने पति को उसकी मौजूदगी भी दिखाई थी। इसी से उसका पति नाराज था और वह शाहगंज पहुंच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह दिखाई भी दे रहा है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शाहगंज स्थित मकान के कमरे में पहुंचा और इसी दौरान उसकी पत्नी से हाथापाई होने लगी। वहीं, उसने पास में रखा हुआ गैस सिलेंडर उठाकर अपनी पत्नी के सिर पर मार दिया। बीच बचाव करने आए मूकबधिर दंपत्ति को भी उसने सिलेंडर से हमला कर दिया, जिससे तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया है कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं, आरोपी भी मूकबधिर है, इस वजह से उसका नाम पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया है कि वारदात के बाद वह जिन इलाकों में छिपा था, उसे बारे में भी जानकारी की जा रही है। इसके साथ ही अन्य लोगों की भूमिका पर भी आरोपी से पूछताछ की जाएगी। डीसीपी मनीष कुमार सांडिल्य ने बताया है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरी घटना से जुड़े तथ्य सामने निकलकर आएंगे।
दरअसल, 4 अगस्त को शाहगंज के गढ़ी सराय मोहल्ले में किराए के एक कमरे से दंपति और एक अन्य महिला का शव बरामद हुआ था। शव मिलने की सूचना के बाद प्रयागराज पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर फॉरेंसिक और पुलिस की टीम में पहुंचकर मामले की जांच में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध दिखाई दे रहा था। मुखबिर तंत्र और सर्विलांस के जरिए आरोपी रेलवे स्टेशन के पास वाले इलाकों में भी आता जाता नजर आ रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद पुलिस को यह सफलता हाथ लगी है।